Connect with us

Uncategorized

AAP विधायक नरेश बाल्यान की बढ़ेगी मुसीबत? अनुसूचित आयोग ने दिल्ली पुलिस को दिया यह निर्देश

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के एक विधायक मुसीबत में फंसते नजर आ रहे हैं, क्योंकि उनके ऊपर लोगों से हाथ से मैला ढोने का काम करवाने का आरोप लगा है. राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने हाथ से मैला ढोने की प्रथा पर प्रतिबंध के बावजूद लोगों से इस तरह का काम करवाने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक नरेश बाल्यान के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है.

आप के नेता और उत्तम नगर के विधायक ने हाल में ट्विटर पर मॉनसून की तैयारियों के तहत नाले और सीवेज की सफाई की चार तस्वीरें साझा की थीं. उन्होंने कहा था, ‘दिल्ली नगर निगम भले ही अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहा है, लेकिन दिल्ली सरकार लोगों की मदद के लिए समर्पित है.’ इस ट्वीट के साथ साझा की गई तस्वीरों में दो लोग हाथ से नाले की सफाई करते हुए दिखे.

उन्होंने कहा कि मॉनसून के आगमन से पहले उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रमुख नालों की लोक कल्याण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सफाई कराई जा रही है, ताकि किसी भी कॉलोनी में जलभराव की समस्या न हो. एनसीएससी के अध्यक्ष विजय सांपला ने इसी ट्वीट पर जवाब दिया है और पुलिस को एक्शन लेने को कहा है.

एनसीएससी के अध्यक्ष विजय सांपला ने बाल्यान के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा, ‘अनुसूचित जाति के सदस्यों के नाम पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. उन्हें याद रखना चाहिए कि हाथ से मैले की साफ-सफाई करवाना अपराध है. विधायक नरेश बाल्यान इस अपराध में शामिल हैं. दिल्ली पुलिस आयुक्त इस पर तत्काल कार्रवाई करें और एनसीएससी को जल्द से जल्द की गई कार्रवाई के बारे में सूचित करें.’ हालांकि, इस पर आप विधायक बाल्यान ने अपना बचाव करते हुए कहा कि लोग सीवेज नहीं, बल्कि नालियां साफ कर रहे थे और यह काम लोक कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है.

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts