Connect with us

अपराध

घास लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, 48 वर्षीय बीना देवी की मौत

घास लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, 48 वर्षीय बीना देवी की मौत

 

शोर मचाने पर महिलाओं की ओर से पहुंचने से पहले ही गुलदार ने तोड़ दिया दम; ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से नरभक्षी घोषित करने की मांग

 

श्रीनगर। पौड़ी जिले के श्रीनगर क्षेत्र में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई। खंडहर के पास जंगल में घास लेने गई 48 वर्षीय बीना देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया। साथ गई अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गुलदार महिला को गंभीर रूप से घायल करने के बाद मौके से भाग निकला। तब तक बीना देवी की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है।

 

जानकारी के अनुसार, बछेली ग्रामसभा के तरसली क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब चार बजे बीना देवी अन्य महिलाओं के साथ घास लेने जंगल गई थीं। महिलाएं घास काटने में जुटी थीं, तभी गुलदार ने अचानक बीना देवी पर हमला कर दिया। शुरुआत में साथ मौजूद महिलाओं को हमले का पता नहीं चल पाया। जब गुलदार बीना देवी को घसीटकर ले जाने लगा, तब महिलाओं की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हालांकि, तब तक बीना देवी की जान जा चुकी थी।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों के लिए जंगल में जाना और रोजमर्रा के काम करना जोखिम भरा हो गया है।

 

वन विभाग को सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप

 

ग्राम प्रधान कुलदीप गुसाईं ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार की लगातार मौजूदगी से ग्रामीण डरे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग को कई बार गुलदार की गतिविधियों के बारे में सूचना दी गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मांग की है कि गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसे मारने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।

 

वहीं, डीएफओ पौड़ी महात्म यादव ने बताया कि वन विभाग की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।

 

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts