उत्तराखण्ड
ब्रेकिंग : नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की सचिव स्तर पर पदोन्नति का रास्ता साफ, जनवरी से मिलेगा नया पदनाम
उत्तराखंड शासन में आईएएस अधिकारियों की डीपीसी में 2011 बैच के अधिकारियों को मिली पदोन्नति की मंजूरी, ललित मोहन रयाल और नितिन भदौरिया सचिव स्तर पर होंगे प्रमोट
देहरादून। उत्तराखंड शासन में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर हुई विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) में विभिन्न बैचों के अधिकारियों के प्रमोशन पर मुहर लगाई गई है। इस प्रक्रिया में नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी ललित मोहन रयाल को सचिव स्तर पर पदोन्नति दिए जाने की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही नितिन भदौरिया भी सचिव स्तर पर पदोन्नत होंगे। दोनों अधिकारियों की पदोन्नति जनवरी से प्रभावी होगी।
शासन स्तर पर हुई डीपीसी में वर्ष 2011 बैच के तीन आईएएस अधिकारियों की पदोन्नति के प्रस्ताव पर विचार किया गया। इनमें आशीष श्रीवास्तव वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। लिहाजा उन्हें प्रोफार्मा प्रमोशन दिया जाएगा। वहीं उत्तराखंड में तैनात नितिन भदौरिया और ललित मोहन रयाल को सचिव स्तर पर पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
2002 बैच के चार अधिकारियों की भी हुई डीपीसी
पदोन्नति की इस प्रक्रिया में वर्ष 2002 बैच के चार आईएएस अधिकारियों की डीपीसी भी हुई। इनमें दो अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। ऐसे में राधिका झा और डी. सेंथिल पांडियन को प्रोफार्मा प्रमोशन दिए जाने का निर्णय हुआ है। वहीं प्रदेश में कार्यरत नीतेश कुमार झा और शैलेश बगौली को प्रमुख सचिव स्तर पर पदोन्नति मिलेगी। इनकी पदोन्नति जनवरी से प्रभावी होगी।
प्रतिनियुक्ति पर तैनात अधिकारियों को भी मिला पदोन्नति का लाभ
डीपीसी में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अधिकारियों के लिए प्रोफार्मा प्रमोशन की व्यवस्था के तहत पदोन्नति का लाभ सुनिश्चित किया गया है। इसका अर्थ है कि संबंधित अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए भी अपने बैच और निर्धारित सेवा अवधि के अनुरूप पदोन्नति का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उत्तराखंड शासन में हुई इस पदोन्नति प्रक्रिया से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के पदानुक्रम में बदलाव होगा। खासतौर पर नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का सचिव स्तर पर पदोन्नत होना उनके प्रशासनिक सेवा करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
