Connect with us

उत्तराखण्ड

एक्शन मोड में नगर आयुक्त आशिमा गोयल! सुबह-सुबह पांच टीमों के साथ सड़कों पर उतरीं, सफाई व्यवस्था की खुली पोल

 

 

**हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, कई वार्डों में कर्मचारी और सफाई नायक मिले नदारद; लापरवाहों पर कार्रवाई के निर्देश**

 

**हल्द्वानी, 19 नवंबर।** शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। नगर निगम की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने के लिए नगर आयुक्त आशिमा गोयल गुरुवार सुबह एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने खुद मोर्चा संभालते हुए पांच अलग-अलग टीमों को मैदान में उतारा और शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण कराया। इस दौरान कई स्थानों पर सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से गायब मिले। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए चलाए गए इस निरीक्षण अभियान के तहत नगर आयुक्त आशिमा गोयल स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 में पहुंचीं। वहीं निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों में हलचल रही।

 

निरीक्षण के दौरान कई वार्डों में सफाई कर्मचारियों के साथ ही सफाई नायक भी निर्धारित स्थानों पर उपस्थित नहीं मिले। नगर आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों और दावों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर दिखाई देना चाहिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक सफाई कर्मचारी और सफाई नायक की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। कर्मचारियों को पूरे कार्यकाल के दौरान अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना होगा और उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था का भी सख्ती से पालन करना होगा।

 

नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यप्रणाली का आईना है। स्वच्छ शहर का सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य, जीवन स्तर और शहर की पहचान से है। ऐसे में सफाई कार्यों में लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने साफ संकेत दिए कि सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए अब केवल निर्देश जारी करने तक बात सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मौके पर निगरानी और जवाबदेही भी तय की जाएगी। नगर निगम की टीमें आगे भी अलग-अलग वार्डों में औचक निरीक्षण करेंगी। ऐसे में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और जिम्मेदार सफाई नायकों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।

 

Advertisement
Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts