उत्तराखण्ड
हरदा फिर टिकट मोह में ! खानपुर-लक्सर से लड़ने की जताई इच्छा, कहा – जनता चाहती है मैं एक बार उनका प्रतिनिधि बनूं
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हरीश रावत की एंट्री की आहट सुनाई देने लगी है। दिल्ली में राहुल गांधी और खरगे से मुलाकात के बाद हरदा फिर चुनावी मैदान में उतरने के लिए कुलबुलाने लगे हैं।
दिल्ली से लौटते ही हरदा ने खुलकर अपनी मंशा जाहिर कर दी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी सीट से चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा है।
हरदा का कहना है कि उन सीटों की जनता खुद चाहती है कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें।
हालांकि हरदा ने ये भी कहा कि दिल्ली में उनके चुनाव लड़ने पर कोई चर्चा नहीं हुई। फैसला प्रदेश कांग्रेस को करना है। लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा यही है कि हरदा ने दिल्ली में 45 सीटें जीतने का रोडमैप रखकर अपनी दावेदारी को और मजबूत कर दिया है।
उन्होंने कहा – मुझे पद की कोई महत्वाकांक्षा नहीं है, मगर प्रदेश कांग्रेस तय करे कि हरीश रावत चुनाव लड़े या न लड़े।
और फिर वही पुराना हरदा वाला अंदाज – कहा कि अगर पार्टी नहीं चाहती कि मैं चुनाव लड़ूं, तब भी मैं पार्टी को सत्ता में लाने के लिए जी-जान से मेहनत करूंगा।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि हरदा की इस बयानबाजी के बाद कांग्रेस के अंदर टिकट की दौड़ और तेज हो गई है। एक तरफ पार्टी लगातार हार वाली सीटों पर रणनीति बदलने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ हरदा के इस दांव से कई दावेदारों की नींद उड़ गई है।
अब सवाल यही है – क्या हरदा एक बार फिर मैदान में उतरेंगे, या फिर पार्टी उन्हें रणनीतिकार की भूमिका में ही रखेगी?
