Connect with us

उत्तराखण्ड

21 साल के विश्वविद्यालय को नई ऊंचाई देने में जुटे प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, एक साल में बदली विकास की रफ्तार; 14,857 विद्यार्थियों का दीक्षांत बना उपलब्धियों का आईना

 

 

हल्द्वानी। किसी संस्थान का नेतृत्व केवल उसकी व्यवस्था चलाने तक सीमित नहीं होता, बल्कि उसकी दिशा और भविष्य की संभावनाएं भी नेतृत्व की सोच से तय होती हैं। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के नेतृत्व में बीते एक वर्ष के दौरान हुई गतिविधियां इसी बदलाव की कहानी बयां कर रही हैं। परीक्षा परिणामों को समयबद्ध बनाने से लेकर नए शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के विस्तार, डिजिटल शिक्षा, शोध, ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वविद्यालय की पहुंच और विद्यार्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने तक कई मोर्चों पर सक्रियता दिखाई दी है।

 

विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह ने इस पूरी विकास यात्रा को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया। बुधवार को आयोजित समारोह में 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। आठ शोधार्थियों को पीएचडी और 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। भारतीय रेल सेवा के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई। लेकिन इस आयोजन की बड़ी तस्वीर केवल उपाधियों और पदकों तक सीमित नहीं रही। यह विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार और वर्तमान नेतृत्व की प्राथमिकताओं को भी सामने लाने वाला अवसर बना।

 

जुलाई 2025 में कुलपति का दायित्व संभालने वाले प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की मौजूदा व्यवस्था को आगे बढ़ाने के साथ उसे बदलते शैक्षणिक परिवेश के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता, डिजिटल माध्यमों का विस्तार और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक शिक्षा की पहुंच को प्रमुखता मिली है।

 

35 वर्षों का शैक्षणिक अनुभव, देश-विदेश में बनाई पहचान

 

प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की सबसे बड़ी ताकत उनका व्यापक शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव माना जा सकता है। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के पचार गांव से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों तक पहुंचने की उनकी यात्रा अपने आप में उल्लेखनीय है।

 

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में उन्होंने वरिष्ठ आचार्य एवं हिंदी और आधुनिक भारतीय भाषा विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वह कला संकाय के अधिष्ठाता, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन शिक्षा के निदेशक/समन्वयक, नैक एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन से जुड़े दायित्वों के साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे हैं।

 

उनके शैक्षणिक खाते में 12 पुस्तकें और 90 से अधिक शोध पत्र एवं शोध आलेख दर्ज हैं। उनके निर्देशन में 26 शोधार्थियों को पीएचडी और 99 विद्यार्थियों को एमफिल की उपाधि मिली है। पांच बड़ी शोध परियोजनाओं का संचालन भी उनके अनुभव का हिस्सा रहा है।

 

उनकी शैक्षणिक पहचान केवल देश तक सीमित नहीं रही। स्विट्जरलैंड के लौजान विश्वविद्यालय में रवींद्रनाथ टैगोर चेयर तथा चीन के शंघाई इंटरनेशनल स्टडीज यूनिवर्सिटी में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद की चेयर पर विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में कार्य कर चुके हैं। विश्व हिंदी सम्मेलनों में न्यूयॉर्क, जोहान्सबर्ग, भोपाल, मॉरीशस और फिजी में सहभागिता के अलावा अनेक देशों में शैक्षणिक संगोष्ठियों और कार्यशालाओं में भागीदारी की है।

 

हिंदी के प्रतिष्ठित साहित्यकार अज्ञेय के साहित्य के आधिकारिक विशेषज्ञ के रूप में भी उनकी पहचान है। अंतरराष्ट्रीय प्रेमचंद आलोचना सम्मान और उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के शब्द शिल्पी सम्मान सहित उन्हें अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं। यह अनुभव उनकी उस शैक्षणिक दृष्टि का आधार है, जिसके जरिए वह उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को नई पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

 

पदभार संभालते ही शुरू किया बदलाव का अभियान

 

24 जुलाई 2025 को कुलपति का कार्यभार संभालने के बाद प्रो. लोहनी ने शुरुआत से ही विश्वविद्यालय को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचाने का लक्ष्य सामने रखा। उनके पहले महीने की गतिविधियों में ही इसकी झलक दिखाई देने लगी थी।

 

उन्होंने गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए अभियान शुरू कराया। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पाठ्यक्रमों के प्रचार वीडियो तैयार कराए गए, जिनमें क्यूआर कोड के माध्यम से प्रवेश संबंधी जानकारी और प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास किया गया।

 

विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए बसानी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करना भी उनकी कार्यशैली का एक महत्वपूर्ण उदाहरण रहा। यहां शिक्षा के साथ स्वरोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की गई।

 

सेना के जवानों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए बंगाल इंजीनियरिंग बटालियन, रुड़की के साथ समझौता किया गया। महिला शिक्षा, विद्यार्थी मेंटरशिप और पाठ्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

 

उनकी पहल पर सामुदायिक रेडियो को इंटरनेट रेडियो और मोबाइल एप के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हुआ। पत्रकारों के साथ नियमित संवाद की परंपरा शुरू करना भी विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास माना गया।

 

अब विश्वविद्यालय की पहचान केवल डिग्री तक सीमित नहीं

 

प्रो. लोहनी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की गतिविधियों को देखें तो एक बात स्पष्ट होती है कि मुक्त शिक्षा को केवल परीक्षा और डिग्री देने की व्यवस्था तक सीमित रखने के बजाय इसे व्यापक सामाजिक और शैक्षणिक मंच बनाने की कोशिश की जा रही है।

 

कुमाऊंनी, गढ़वाली और नेपाली जैसी स्थानीय भाषाओं के पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देना उत्तराखंड की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़ा कदम है। जापानी भाषा, भगवद्गीता अध्ययन और मानवाधिकार जैसे विषयों का समावेश पाठ्यक्रमों में विविधता लाता है।

 

होमस्टे प्रबंधन जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का संचालन प्रदेश की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था से शिक्षा को जोड़ने का प्रयास है। वहीं शोध, पेटेंट और अकादमिक प्रकाशनों को प्रोत्साहित करना विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विश्वसनीयता के लिए जरूरी है।

 

परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी करने की उपलब्धि को भी इसी दृष्टि से देखा जाना चाहिए। मुक्त विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले अनेक विद्यार्थी नौकरी, व्यवसाय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपनी पढ़ाई पूरी करते हैं। ऐसे में समय पर परिणाम मिलना उनके लिए केवल प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि उनके भविष्य से जुड़ा विषय है।

 

अब नैक मूल्यांकन और राष्ट्रीय स्तर की पहचान पर नजर

 

विश्वविद्यालय की अगली बड़ी चुनौती अपने विस्तार को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में बदलना है। इसके लिए नैक मूल्यांकन, डिजिटल शिक्षण सामग्री, शोध की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सहायता व्यवस्था और नए शैक्षणिक कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

 

प्रो. लोहनी के सामने एक ओर विश्वविद्यालय की पुरानी उपलब्धियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है तो दूसरी ओर इसे नई शिक्षा व्यवस्था और तकनीकी बदलावों के अनुरूप तैयार करने की चुनौती भी है।

 

कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑनलाइन शिक्षा, मुक्त शैक्षणिक संसाधन और रोजगारपरक पाठ्यक्रम आने वाले समय में विश्वविद्यालय की दिशा तय करेंगे। ऐसे में उनका पूर्व अनुभव, विशेषकर मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा और ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में काम करने का अनुभव, संस्थान के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

 

बैकग्राउंड : 2005 में शुरू हुआ सफर, 21 वर्षों में आठ क्षेत्रीय केंद्रों तक पहुंचा विश्वविद्यालय

 

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2005 में उत्तराखंड विधानसभा के अधिनियम संख्या 23 के तहत हुई थी। 22 नवंबर 2005 को प्रो. एसएस हसन ने विश्वविद्यालय के पहले पूर्णकालिक कुलपति के रूप में कार्यभार संभाला। 25 नवंबर 2005 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने विश्वविद्यालय का औपचारिक शुभारंभ किया।

 

इसके बाद प्रो. विनय कुमार पाठक, प्रो. सुभाष धूलिया, प्रो. नागेश्वर राव और प्रो. ओम प्रकाश नेगी ने अलग-अलग अवधियों में कुलपति के रूप में संस्थान की जिम्मेदारी संभाली। प्रो. ओम प्रकाश नेगी के दो कार्यकालों के बाद 24 जुलाई 2025 को प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कुलपति का दायित्व ग्रहण किया।

 

शुरुआत में सीमित संसाधनों के साथ स्थापित विश्वविद्यालय आज आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। हरिद्वार में नए क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना भी इसके विस्तार का हिस्सा है।

 

विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के दो दशक पूरे करने के बाद अब 21 वर्षों का सफर तय कर लिया है। इस दौरान दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के साथ सेना, कारागारों, ग्रामीण क्षेत्रों और कामकाजी वर्ग तक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

 

इस संस्थान की स्थापना के पीछे जो मूल उद्देश्य था, वह आज भी इसकी सबसे बड़ी पहचान है। पहाड़ के उस युवा को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना, जिसके लिए रोजाना कॉलेज पहुंचना संभव नहीं है; उस महिला को पढ़ाई का अवसर देना, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अपनी शिक्षा पूरी करना चाहती है; और उस नौकरीपेशा व्यक्ति को आगे बढ़ने का रास्ता देना, जो नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो सकता।

 

21 वर्षों में विश्वविद्यालय ने इसी सोच के आधार पर अपना विस्तार किया है। अब प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के नेतृत्व में इस विरासत को आधुनिक डिजिटल शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से जोड़ने की कोशिश हो रही है।

 

 

 

 

 

Advertisement
Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts