Connect with us

उत्तराखण्ड

14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि

 

 

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में बुधवार को शिक्षा, शोध और उपलब्धियों का उत्सव देखने को मिला। हजारों विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम को डिग्री के रूप में पहचान मिली, वहीं मेधावियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की, जबकि 36 प्रतिभाशाली शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक से नवाजा गया। प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व रेल अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कुल 14,857 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां डिजिलॉकर के माध्यम से प्रदान की गईं। समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि और नैक की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण से हुई। राज्यपाल सहित उपस्थित अतिथियों ने शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दीक्षांत समारोह की औपचारिक गतिविधियां शुरू हुईं।

 

### 21 साल के सफर में शिक्षा को पहुंचाया दूरस्थ क्षेत्रों तक

 

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्थान अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में विश्वविद्यालय आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया गया है।

 

विश्वविद्यालय की ओर से इस बार 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक, चार प्रायोजित स्वर्ण पदक सहित कुल 36 मेधावियों को सम्मानित किया गया। दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से प्रदेश के पर्वतीय, ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।

 

### नई शिक्षा और कौशल के रास्ते खोल रहा विश्वविद्यालय

 

विश्वविद्यालय ने पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ नए विषयों को भी शिक्षा व्यवस्था में शामिल किया है। डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र और कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली तथा जापानी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। एनसीवीईटी की मान्यता के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

 

परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों के भीतर घोषित करने, 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाने और एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निशुल्क वितरित करने की उपलब्धियां भी सामने रखी गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जबकि गोद लिए गए आठ गांवों में शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

 

सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलें भी विश्वविद्यालय की गतिविधियों का हिस्सा हैं। शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्रों के माध्यम से योगदान दिया है।

 

### अश्वनी लोहनी के योगदान को मिला सम्मान

 

दीक्षांत समारोह का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय रेल सेवा के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अश्वनी लोहनी को प्रदान की गई मानद उपाधि रही। प्रशासनिक, प्रबंधकीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में उनके योगदान को देखते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा।

 

लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐतिहासिक भाप इंजन ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार और संचालन में उनकी भूमिका के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक हैं।

 

### रोजगार के साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान दें युवा

 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा का दायरा केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में अग्रणी रहा है और राज्य सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध, नवाचार तथा रोजगारपरक शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है।

 

उन्होंने डिग्री कॉलेज, छात्रवृत्ति, महिला छात्रावास, ई-लाइब्रेरी और शोध प्रोत्साहन योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने की सलाह दी। साथ ही हिमालयी पर्यावरण, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर शोध करने की आवश्यकता बताई।

 

### डिग्री के बाद भी सीखने का सिलसिला जारी रखें

 

नैक की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन लोगों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर खोलती है, जो किसी कारणवश नियमित शिक्षण संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने विद्यार्थियों को आजीवन सीखने की आदत विकसित करने और अपनी शिक्षा को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का संदेश दिया।

 

राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उपाधि प्राप्त करना जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। शिक्षा व्यक्ति के ज्ञान को बढ़ाने के साथ उसके चरित्र, व्यवहार और विचारों को भी बेहतर बनाए।

 

उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा पर्वतीय क्षेत्रों, महिलाओं, कामकाजी लोगों, सैनिकों और शिक्षा से वंचित वर्गों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर तैयार कर रही है। तकनीकी विकास के इस दौर में विद्यार्थियों को नए कौशल अपनाने के साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को भी बनाए रखना चाहिए।

 

राज्यपाल ने पलायन की चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करना जरूरी है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और सुगंध खेती जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशे से दूरी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की।

 

### पत्रिका विमोचन और शिक्षकों का सम्मान

 

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समारोह में रंग भर दिया।

 

### आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि

 

पीएचडी प्राप्त करने वाले शोधार्थियों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी और मयूर बघरवाल शामिल रहे।

 

### स्वर्ण पदक पाने वाले मेधावियों की सूची

 

विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में शिवर्णा धौनी, मोहित गुनसोला, मोनिका खत्री, विनीता अग्रि, तनुजा चुफाल, संगीता लिम्बू, जितेन्द्र, सोनिया नेगी, वंदना ध्यानी, वंशिता अग्रवाल, सरिता पालनी, भूमिका मनराल, अंजू कपरी, हिमांशु उप्रेती, नीलम जोशी, प्रियंका शर्मा, ललित कांडपाल, पवन ममगाईं, प्रेरणा भट्ट, मिताली पांडेय, आस्था, प्रदीप चन्द्र मिश्रा, ज्योत्सना जोशी, मोहन चन्द्र घिल्डियाल, अनुज भार्गव और पूजा भट्ट शामिल रहे।

 

एनईपी स्वर्ण पदक प्रकाश चन्द्र, अपराजिता जोशी, दिव्यांशु और सुषांत कुमार को प्रदान किए गए। कुलाधिपति स्वर्ण पदक जितेन्द्र और प्रेरणा भट्ट को मिले, जबकि प्रायोजित पदकों से अपराजिता जोशी, प्रेरणा भट्ट और पवन ममगाईं सम्मानित हुए। विशेष शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक हेतु चयनित किया गया।

14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि 14,857 विद्यार्थियों के सपनों को मिली उड़ान, मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 36 मेधावी चमके; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि

लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से तीन स्वर्ण पदक प्रायोजित किए गए। ये पदक उनके संस्थान और परिवार की स्मृति में विद्यार्थियों को प्रदान किए गए।

 

समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह ने एक बार फिर इस संदेश को मजबूत किया कि शिक्षा की राह भले ही अलग हो, लेकिन मेहनत, लगन और ज्ञान से सफलता के मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

 

Advertisement
Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts