उत्तराखण्ड
उत्तराखंड की खनन नीति बनी दूसरे राज्यों के लिए मिसाल, अब छत्तीसगढ़ की टीम पहुंची अध्ययन करने
ई-चैक गेट प्रणाली से लेकर खनन प्रबंधन तक की व्यवस्था को समझने में दूसरे राज्यों की दिलचस्पी, छत्तीसगढ़ के तीन अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
देहरादून। खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीक के इस्तेमाल और बेहतर प्रबंधन को लेकर उत्तराखंड ने अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रदेश की खनन नीति और तकनीक आधारित ई-चैक गेट प्रणाली अब दूसरे राज्यों के लिए भी अध्ययन का विषय बनती जा रही है। खनन क्षेत्र में उत्तराखंड को केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों से नवाजा जाना भी प्रदेश की इन पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का प्रमाण है। यही वजह है कि दूसरे राज्यों के खनन विभाग भी उत्तराखंड की व्यवस्थाओं को समझने और उन्हें अपने यहां लागू करने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

इसी कड़ी में सोमवार को छत्तीसगढ़ खनन विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड पहुंचे। संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार और खान निरीक्षक राजू यादव ने भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय पहुंचकर निदेशक राजपाल लेघा से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड की खनन नीति, नियमावली और एमडीटीएसएस योजना के तहत स्थापित ई-चैक गेट प्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ से आए अधिकारियों ने प्रदेश में खनन गतिविधियों की निगरानी, खनिजों के परिवहन पर नियंत्रण और तकनीक के माध्यम से व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के प्रयासों की जानकारी ली। इसके बाद टीम ने प्रदेश में स्थापित ई-चैक गेटों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया और उनकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
दरअसल, उत्तराखंड में खनन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली विकसित की गई है। ई-चैक गेट इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से खनिजों के परिवहन पर निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश की खनन नीति और इन व्यवस्थाओं को मिल रही राष्ट्रीय स्तर की पहचान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों के अधिकारी भी पहले उत्तराखंड आकर यहां की खनन व्यवस्था का अध्ययन कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ के अधिकारियों का यह दौरा भी इसी कड़ी का हिस्सा है। दूसरे राज्यों की बढ़ती दिलचस्पी उत्तराखंड के लिए एक उपलब्धि मानी जा रही है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि प्रदेश में खनन प्रबंधन के लिए अपनाई गई तकनीक और व्यवस्थाएं अब दूसरे राज्यों के लिए सीखने का आधार बन रही हैं।
इस अवसर पर खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूड़ी और आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
