Connect with us

Uncategorized

बदरी-केदारनाथ सहित कई हाईवे बंद, उत्‍तरकाशी में घरों में घुसा मलबा तो टिहरी में कई वाहन दबे

देहरादून : उत्तराखंड में पिछले दो दिन से भारी वर्षा की चेतावनी के बीच बुधवार को मौसम बदल गया। देहरादून सहित कई मैदानी इलाकों में तड़के बारिश हुई। वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश ने कहर बरपाया है। बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री हाईवे सहित राज्‍य के कई मार्ग मलबा आने से बंद हो गए हैं। उत्‍तरकाशी में कई घरों में मलबा घुस गया तो वहीं टिहरी में कई वाहन मलबे में दब गए हैं।

देहरादून में भी सुबह गरज के साथ झमाझम बारिश हुई

बुधवार को देहरादून में भी सुबह गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। मसूरी में भी गर्जना के साथ बारिश हुई। यहां तापमान 18 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। ऋषिकेश में हल्की बूंदाबांदी हुई। रुड़की में काले घने बादल छाए रहे, यहां बारिश की संभावना बनी हुई है। टिहरी में तेज बारिश हुई।

डोबरा चांठी पुल के समीप मलबे में दबी कई गाड़ियां

तेज बारिश के चलते टिहरी के डोबरा चांठी पुल के समीप रौलाकोट जाने वाली सड़क के किनारे खड़ी गाड़ियों के ऊपर भारी मलबा आ गया है। यहां कई गाड़ियां मलबे में दब गई हैं। मलबा आने के कारण नई टिहरी-डोबरा रोड भी बंद हो गई। जिसे खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है।

नौगांव के समीप गदेरा उफान पर आया, एक्टिवा बही

उत्तरकाशी में ही मंगलवार की रात्रि को अचानक तेज वर्षा से नगर पंचायत नौगांव के समीप गदेरा उफान पर आ गया। जिससे सौली के निकट एक एक्टिवा , नगर पंचायत शौचालय सौली और पेयजल लाइन बेह गई तथा खेत मलबे से पट गए। यहां मलबे में एक पिकअप दबी हुई है। नौगांव चौराहे के निकट दुकानों के नजदीक दल-दल बन गया है । नगर पंचायत अध्यक्ष शशीमोहन सिंह राणा घटना स्थल पर मौजूद हैं।

अनिल कुकरेजा ने बताया की रात को गरजना बहुत तेज थी। जिससे सौली के निकट सभी लोग दहशत में आ गये। इसके अलावा मणाई चेडू मंदिर के पास एक पुलिया भी बहने की सूचना है। तेज वर्षा से जरड़ा मोटर मार्ग भी बाधित हुआ है। जरड़ा गांव की छानीयों में मलबा घुस गया है।

मोरी और आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान

उत्‍तरकाशी में रात को हुई वर्षा के चलते मोरी और आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। मोरी बाजार और आसपास के घरों में वर्षा जल के साथ मलबा घुस गया है। भारी वर्षा के कारण मोरी क्षेत्र के आसपास के पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मोरी सांकरी मोटर मार्ग पर भी मलबे के ढेर लगे हैं।

यमुनोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे बंंद

बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में और केदारनाथ हाईवे नोलापाणी में बंद हो गया है। केदारनाथ में मौसम साफ है, जबकि रुप्रदयाग जनपद के अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग किसाला और कुथनौर के बीच खनेडा पुल के पास भारी भूस्खलन होने के कारण रात को बाधित हो गया है। यहां यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का सबसे बड़ा डेंजर जोन है। डाबरकोट में भी एक बार दोबारा भूस्खलन जोन सक्रिय हो गया है। ‌

उधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को भी देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसको लेकर आरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज के साथ तेज बौछारें पडऩे, जबकि अन्य जिलों में हल्की वर्षा के आसार बताए जा रहे हैं।

गंगोत्री धाम में बढ़ा भागीरथी का जलस्तर

लगातार पिघलते ग्लेशियर के कारण मंगलवार शाम को भागीरथी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जिन घाटों से भागीरथी का जलस्तर काफी दूर था, उन घाटों के ऊपर पानी चढ़ आया है। भागीरथी में उफान के कारण नमामि गंगे की ओर से घाट पर किए गए सुरक्षात्मक कार्य क्षतिग्रस्त हुए हैं। भागीरथी का उफान देख कर गंगोत्री में श्रद्धालओं को स्नान के समय विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts