Connect with us

राजनीति

मोदी फैक्टर प्रभावित करेगा कुमाऊं चुनाव का गणित?

खबर शेयर करें -

कस्तूरी न्यूज, हल्द्वानी
कुमाऊं और गढ़वाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक दिन के अंतराल में दो जनसभाएं होने के बाद यहां चर्चा इस बात की चल पड़ी है कि क्या मोदी फैक्टर यहां के चुनावों को प्रभावित करेगा। राज्य बनने के बाद से अब तक का यहां कोई भी सरकार रिपीट नहीं हुई है। तो क्या इस बार ऐसा होगा? कुछ इसी तरह की बातों के साथ मोदी फैक्टर की चर्चा हो रही है।
गुरुवार को नरेंद्र मोदी सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में थे तो इससे एक दिन पहले गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा में। भाजपा प्रदेश संगठन ने आखिर श्रीनगर, अल्मोड़ा को मोदी की सभा के लिए क्यों चुना? इस बात की भी खूब चर्चा है। यानी दोनों की स्थानों में मोदी के आने के बाद भाजपा की स्थिति में सुधार होगा, ऐसा तय माना जा रहा है। न केवल अल्मोड़ा, श्रीनगर बल्कि अन्य विधानसभाओं पर भी मोदी के आने का असर होगा, ऐसा भाजपाई मान रहे हैं। अल्मोड़ा विधानसभा की बात करें तो यहां से भाजपा प्रत्याशी कैलाश शर्मा मैदान में हैं जबकि श्रीनगर से सरकार में मंत्री रहे डॉ. धन सिंह रावत। धन सिंह रावत के खिलाफ जहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मैदान में हैं तो कैलाश शर्मा के खिलाफ पूर्व विधायक कांग्रेस के मनोज तिवारी चुनाव लड़ रहे हैं। कैलाश शर्मा के टिकट के विरोध में अल्मोड़ा में भाजपाइयों ने तमाम लामबंदी भी की, मगर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा और भाजपा ने कैलाश को ही मैदान में उतारा। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यहां सभा होने के बाद भाजपाई कैलाश शर्मा के पक्ष में अंडर करंट की बात कर रहे हैं। न केवल अल्मोड़ा बल्कि जागेश्वर विधानसभा पर भी मोदी फैक्टर का असर पड़ सकता है, ऐसा पार्टी का मानना है। राज्य के पर्वतीय जिलों में मोदी के मोदी के आने के बाद भाजपा के पक्ष में बयार बहेगी, इस बात को लेकर भाजपाई आश्वस्त हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषणों में स्थानीय मुद्दों के साथ ही राष्ट्रीय मुद्दे भी जनता के सामने रखे हैं। उनका पूरा जोर डबल इंजन सरकार लाने का रहा है। लिहाजा माना जा रहा है कि डबल इंजन सरकार के बहाने प्रधानमंत्री लोगों को भाजपा सरकार को फिर सत्ता सौंपने की अपील कर रहे हैं। अब देखना होगा कि यह असर चुनावों में कितना फर्क पैदा करता है।

Continue Reading

संपादक - कस्तूरी न्यूज़

More in राजनीति

Recent Posts

Facebook

Advertisement

Trending Posts

You cannot copy content of this page