Connect with us

Uncategorized

खेत में जुताई के लिए पहुंचा किसान, सामने देखा ऐसा मंजर कि पैरों तले खिसकी जमीन; मचा हड़कंप

खबर शेयर करें -

किच्छा : किसान अपने खेत में जुताई करने पहुंचा था, लेकिन उसने ऐसा मंजर देखा कि पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके खेत में महिला का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

दरअसल, महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसका शव खेत में फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह शव मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त के प्रयास किये, परंतु शिनाख्त नहीं हो सकी।

माना जा रहा है कि कहीं बाहर से लाकर महिला के शव को वहां फेंका गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार सुबह पुलिस को ग्राम इंदरपुर स्थित श्मशान घाट के पास खेत में महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली तो पुलिस हरकत में आ गई।

महिला के गले में दुपट्टा दोहरा कर बंधा हुआ था

प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। महिला का शव हरिओम पुत्र राम केतन निवासी इंदरपुर के खेत में पेट के बल पड़ा हुआ था। सुबह उनके बटाईदार के खेत में जुताई के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचने पर महिला का शव देखकर गांव में हल्ला मच गया था। महिला के गले में दुपट्टा दोहरा कर बंधा हुआ था।

माना जा रहा है कि उसी दुपट्टे से गला घोंटकर महिला की हत्या की गई होगी। महिला की उम्र 35 वर्ष के करीब बताई जा रही है। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया। महिला उस क्षेत्र की न होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने लगभग चार घंटे तक मौके पर ही जांच पड़ताल के बाद शव के पंचनामे की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महिला के मुस्लिम होने का अनुमान

मृतक महिला के मुस्लिम होने की संभावना जताई जा रही है। उसके गले में मिले ताबीज में उर्दू भाषा में लिखे होने के साथ अन्य कई बातें उसके मुस्लिम होने का संकेत कर रही है। जिससे पुलिस ने आसपास के मुस्लिम परिवारों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त का प्रयास किया, मगर उसकी शिनाख्त में पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

फोरेंसिट टीम भी किच्छा पुलिस की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। उन्होंने महिला के शव का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

पिछली कुछ घटनाओं में अहम भूमिका निभाने वाला डाग स्क्वायड भी महिला के शव का राज खोलने में सफल नहीं हो पाया। डाग स्क्वायड महिला के शव की गंध सूंघने के बाद तेजी से सड़क की तरफ गया पर वह सड़क पर ही घूमता रह गया। वह उससे आगे नहीं बढ़ पाया।

पुलिस खंगाल रही क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे

महिला का शव सड़क से ही नीचे फेंक दिया गया है। सड़क तक महिला का शव किसी वाहन में लाए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।

सड़क से महिला का शव फेंका गया जो सड़क किनारे झाड़ियों को पार कर खेत में जा गिरा। महिला के पैर में एक चप्पल मिली है जबकि दूसरी चप्पल सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ी मिली है। पुलिस उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी तलाश उनको खंगालने में जुटी है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts