अपराध
नाबालिग छात्रा से दुराचार की घटना पर अभाविप सख्त, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी/देहरादून, 14 नवंबर। हल्द्वानी में नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार की गंभीर घटना के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने कड़ी नाराजगी जताई है। परिषद ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।
अभाविप ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़ा यह मामला अत्यंत गंभीर है। इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। परिषद ने स्पष्ट किया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा और आवश्यकता पड़ने पर उसे हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराएगा।
अभाविप उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री यशवंत पवार ने कहा कि संगठन इस प्रकरण को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़िता को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि अभाविप पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
परिषद ने दोहराया कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस मामले में न्याय सुनिश्चित कराने के लिए संगठन अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
