Connect with us

अपराध

धातु के कप के नीचे पटाखा जलाना पड़ा जान पर भारी, विस्फोट से उछला टुकड़ा रिक्रूट के गले में घुसा; दर्दनाक मौत

 

 

रुद्रपुर। दीपावली पर पटाखे जलाने का शौक एक युवा रिक्रूट के लिए जानलेवा साबित हुआ। 46वीं वाहिनी पीएसी परिसर में धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर जलाना 25 वर्षीय विष्णु की मौत का कारण बन गया। पटाखे में विस्फोट होते ही धातु का टुकड़ा तेज गति से उछला और उसके गले में जा घुसा। गंभीर रूप से घायल विष्णु को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीएसी परिसर में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र के बहादुरपुर जट निवासी मांगेराम का पुत्र विष्णु करीब छह माह पहले 46वीं वाहिनी पीएसी में रिक्रूट के तौर पर प्रशिक्षण लेने पहुंचा था। रविवार सुबह वह कुछ अन्य रिक्रूटों के साथ वाहिनी परिसर स्थित स्नानागार के पास नहाने गया था। इसी दौरान उसने एक धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर उसमें आग लगा दी। विस्फोट की आशंका को देखते हुए उसके साथी दीवार के पीछे चले गए, लेकिन विष्णु पटाखे के नजदीक ही मौजूद रहा। पटाखा फटते ही धातु का टुकड़ा उछलकर उसके गले में जा लगा।

 

साथी आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि धातु का टुकड़ा सांस की नली में फंसने से उसकी जान गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।

 

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विष्णु विवाहित था और करीब तीन महीने पहले ही उसके घर बेटी ने जन्म लिया था। वह बेटी के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए छुट्टी पर घर गया था और इसके बाद प्रशिक्षण के लिए वापस पीएसी परिसर लौट आया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर हरिद्वार रवाना हो गए।

 

सेनानायक पंकज भट्ट ने बताया कि पीएसी परिसर में रिक्रूटों के लिए आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित थी। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात एक अन्य रिक्रूट ने विष्णु को पटाखा जलाने से रोकने का प्रयास भी किया था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि देहरादून में परेड में शामिल होने गए कुछ रिक्रूट अपने साथ पटाखे लेकर आए थे। ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद परिसर में पटाखे कैसे पहुंचे, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

 

सेनानायक ने मामले की जांच असिस्टेंट कमांडेंट प्रतिभा भट्ट को सौंपी है। जांच में हादसे की परिस्थितियों के साथ-साथ प्रतिबंधित पटाखों के परिसर में पहुंचने और सुरक्षा नियमों के पालन में संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी। सेनानायक के अनुसार, नियमानुसार मृतक के परिवार को एक लाख दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता और अंतिम संस्कार के लिए दस हजार रुपये दिए गए हैं।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts