Connect with us

Uncategorized

##यूपी से चल रहा है नशे का कारोबार: 18848 नशे के कैप्सूल समेत दो गिरफ्तार,मेडिकल स्टोर स्वामी की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी

रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के बहेड़ी से लाई जा रहे नशीले कैप्सूलों की खेप के साथ पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के अलावा मेडिकल स्टोर संचालक व रुद्रपुर के एक नशीले कैप्सूलों के तस्कर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रम्पुरा चौकी प्रभारी अनिल जोशी टीम के साथ इंदिरा चौक से प्रीत विहार की तरफ जा रहे थे। यूआईआरडी कार्यालय के सामने एक गत्ता लिए बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। उनकी तलाशी ली तो गत्ते के अंदर से 18,848 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।

पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रम्पुरा निवासी संदीप और कल्लू बताया। उन्होंने बताया कि रम्पुरा निवासी अयोध्या ने उन्हें 34 हजार रुपये देकर बहेड़ी (यूपी) के शुभम मेडिकल स्टोर से कैप्सूल लाने के लिए कहा था। पुलिस ने संदीप व कल्लू को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

इसके साथ ही अयोध्या व शुभम मेडिकल स्टोर के संचालक पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि अयोध्या व शुभम मेडिकल स्टोर के संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश दी लेकिन दोनों मौके से फरार हो गए। कैप्सूल की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
एसएसपी ने बताया कि रम्पुरा निवासी अयोध्या काफी पहले से यूपी से नशे के कैप्सूल मंगाकर शहर में रिक्शा चालक, ऑटो चालक व कूड़ा बीनने वालों को सप्लाई करता है। अयोध्या वहां से कैप्सूलों की बड़ी खेप मंगाकर शहर में बेचता है। आसपास के क्षेत्रों में भी इसकी सप्लाई होती है। कैप्सूल मंगाने के लिए वह अन्य युवकों का सहारा लेता है। एसएसपी ने कहा कि अयोध्या की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रहा है। इसके अलावा उसकी संपत्ति की जांच कर उसे कुर्क किया जाएगा। मेडिकल स्टोर संचालक की गिरफ्तार के लिए भी दबिश दी जा रही है। उसके मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कराने के साथ ही उसकी संपत्ति की जांच कर कुर्क की जाएगी।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts