Connect with us

Uncategorized

हिमखंड व बर्फ हटाने का काम तेज, रड़ांग बैंड और मलारी तक खुला बदरीनाथ हाईवे

जोशीमठ। उत्‍तराखंड के चमोली जिले के बार्डर क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से हिमखंड व बर्फ हटाने का कार्य तेज कर दिया है। बीआरओ ने हनुमानचट्टी से रड़ांग बैंड तक बर्फ हटा दी है। अब देश के अंतिम गांव माणा तक बर्फ हटाने के लिए मात्र छह किमी की दूरी शेष बची हुई है। जल्द ही बदरीनाथ, माणा तक हाईवे से बर्फ हटाकर वाहनों की आवाजाही चालू कर दी जाएगी।

भारी बर्फबारी ने बीआरओ की मुश्किलें बढ़ा दी

भारत चीन सीमा पर लगातार भारी बर्फबारी ने बीआरओ की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब तक बीआरओ चार बार बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को बदरीनाथ तक खोल चुका है। फिर से बर्फबारी होने के बाद हाईवे पर 20 फीट बड़े हिमखंड टूटकर आने व समय-समय पर भारी बर्फबारी के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग रड़ांग बैंड से आगे बंद है। अभी भी बदरीनाथ, माणा तक पहुंचने के लिए बीआरओ को छह किमी सड़क से भारी मात्रा में बर्फ को हटाना पड़ेगा।

आठ जेसीबी के साथ 25 मजदूरों को लगाया

हाईवे से बर्फ हटाने के लिए बीआरओ ने आठ जेसीबी के साथ 25 मजदूरों को लगाया है। दूसरी ओर बीआरओ ने कड़ी मशक्कत के बाद जोशीमठ मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग मलारी तक खोल दिया है। यहां भी भारी बर्फबारी से हाईवे बंद था। मलारी हाईवे को खोलने के लिए बीआरओ ने सात मशीनों के साथ 20 मजदूर लगाए थे। हालांकि मलारी से आगे अभी भी सड़क पर भारी बर्फ जमी हुई है। जिससे सेना व आइटीबीपी को बार्डर तक सामान पहुंचाने व आवाजाही करने में दिक्कतें हो रही हैं।

अगले दो दिन मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा

वहीं मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्‍तराखंड में अगले दो दिन मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं अब मौसम में गरमाहट महसूस होने लगी है। राजधानी देहरादून सहित गढ़वाल मंडल में भी बुधवार को मौसम शुष्‍क बना रहा।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts