Connect with us

Uncategorized

शपथ ग्रहण समारोह में विधायकों ने दिखाई ताकत

उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के शपथ ग्रहण के दौरान परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में कई विधायकों ने समर्थकों के हुजूम के साथ पहुंचकर अपनी ताकत दर्शाई। हालांकि, इसमें देहरादून के विधायक ही आगे रहे। अन्य जिलों से आए विधायक अधिक भीड़ नहीं जुटा सके।

बुधवार को देहरादून के परेड मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन स्थल पर सुबह से ही भाजपा कार्यकत्र्ताओं और समर्थकों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर एक बजे के बाद आयोजन स्थल पर भीड़ बढ़ने लगी और ज्यादातर विधायक अपने समर्थकों के साथ पहुंचने लगे। मसूरी विधायक गणेश जोशी के समर्थक बड़ी संख्या में जुलूस के रूप में आयोजन स्थल पर पहुंचे। समर्थकों के हाथ में भाजपा के झंडे और गणेश जोशी के पोस्टर थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में नारेबाजी करते हुए समर्थकों ने परेड मैदान में प्रवेश किया। इसके अलावा देहरादून जिले से अन्य भाजपा विधायकों ने भी ताकत दिखाई। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, राजपुर रोड विधायक खजान दास, देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर, सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला और ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल अपने-अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में पहुंचे। तमाम बड़े भाजपा नेताओं के सामने विधायक अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने से नहीं चूके। हालांकि, प्रधामंत्री मोदी के कार्यक्रम में पहुंचने तक सभी आयोजन स्थल में प्रवेश कर चुके थे। प्रदेश के अन्य जिलों के भाजपा विधायक बेहद सादे तरीके से चंद कार्यकत्र्ताओं और समर्थकों के साथ पहुंचे।

धूप में सड़क किनारे बैठे रहे समर्थक

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक परेड मैदान में प्रवेश नहीं कर सके। ऐसे में उन्होंने सड़क पर खड़े होकर ही कार्यक्रम देखा। तेज धूप के बीच समर्थक सड़क किनारे जगह-जगह बैठे भी नजर आए।

मोदी-योगी को देखकर लौटने लगे

सुबह से आयोजन स्थल पर एकत्र हो रहे समर्थक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंतजार में बैठे रहे। जैसे ही पीएम मोदी और योगी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो उन्हें देखने के बाद समर्थक घर लौटने लगे। शपथ ग्रहण शुरू होने तक बड़ी संख्या में समर्थक लौट चुके थे।

हेलीकाप्टर देखकर हुए उत्साहित

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकाप्टर आयोजन स्थल के पास ही उतरा। पीएम की सुरक्षा प्रोटोकाल के तहत सेना के एक के बाद एक तीन हेलीकाप्टर परेड मैदान में उतरे, जिन्हें देख समर्थक उत्साहित हो गए। चारों ओर नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारे गूंज उठे। हेलीकाप्टर की लैंडिंग के दौरान मैदान में धूल का गुबार बनने से आयोजन स्थल पर कुछ देर समर्थकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

स्क्रीन न लगाए जाने से हुए निराश

आयोजन स्थल व आसपास अन्य आयोजनों की तरह इस बार स्क्रीन नहीं लगाई गई, जिससे अंतिम पंक्तियों में बैठे और सड़कों पर खड़े समर्थक व कार्यकत्र्ता निराश हुए। उन्हें मुख्य मंच से न तो किसी का चेहरा ही नजर आया और न ही मंच से हो रहे उद्बोधन को ही वे ठीक से सुन पाए।

शपथ लेने के बाद सौरभ बहुगुणा का मोबाइल खोया

देहरादून: सितारगंज से भाजपा विधायक सौरभ बहुगुणा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। दून में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गिर गया। बुधवार को वे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए और मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद जब उन्होंने अपनी जेब चेक की तो पाया कि उनका फोन नहीं है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को उनके नंबर से फोन काल आए तो सतर्क रहें।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts