Connect with us

अपराध

बागेश्वर में 75 साल की बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटा था घर, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; सोने के जेवर और नकदी बरामद

 

 

बागेश्वर के भेटा गांव में 21 नवंबर को हुई थी सनसनीखेज वारदात, 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता

 

बागेश्वर। कांडा क्षेत्र के भेटा गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को घर में बंधक बनाकर लूटपाट करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांडा के डोबरगाड़ा निवासी 42 वर्षीय दीवान सिंह मेहता और अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र के कट्यूटा निवासी 21 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है।

 

घटना 21 नवंबर की शाम की है। भेटा गांव निवासी 75 वर्षीय तारा जोशी अपने घर पर थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला का मुंह दबाकर उन्हें काबू में कर लिया और उनके गले से बक्से की चाबी निकाल ली। इसके बाद बक्से में रखे करीब डेढ़ तोले के सोने के मंगलसूत्र, 12 आने के सोने के झुमके, 25 से 30 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।

 

लूटपाट करने के बाद आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर और मुंह को साड़ी से बांध दिया और मौके से फरार हो गए। अकेली बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस वारदात ने क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र मेहरा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक कपकोट राजेश साह के पर्यवेक्षण में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच के साथ 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

 

लगातार प्रयासों के बाद 26 नवंबर की सुबह पुलिस को सफलता मिली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खाती-बांसपटान रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके, आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन और 18,700 रुपये नकद बरामद हुए।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

 

बरामदगी में डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके, आईटेल मोबाइल फोन और 18,700 रुपये नकद शामिल हैं।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts