Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में शासन स्तर 17 अफसरों के विभाग बदले, देखें क्या हुआ फेरबदल 

 

पुलिस विभाग के साथ ही शासन स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए 12 आईएएस, एक आईपीएस, दो पीसीएस और दो सचिवालय सेवा के अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है।

कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव एल. फैनई को आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उनके पुराने विभाग यथावत रहेंगे। सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग हटा दिया गया है, जबकि निर्वाचन और जलागम विभाग उनके पास रहेंगे। आईएएस रणजीत सिंह से तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें आयुष शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है।

आईएएस बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी विभाग हटाकर उन्हें खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस डॉ. आर. राजेश कुमार को उनके पूर्व विभागों के साथ अब औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी विभाग भी सौंपे गए हैं। आईएएस युगल किशोर पंत अपने पूर्व विभागों के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग भी देखेंगे।

आईएएस रंजना राजगुरु से आयुष विभाग हटाकर उन्हें नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी हटा दी गई है। आईएएस रीना जोशी को अब श्रम विभाग भी सौंपा गया है।

अपर सचिव विनीत कुमार से श्रम हटाकर जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिया गया है। अपर सचिव मनुज गोयल अब वित्त विभाग भी देखेंगे। अपर सचिव मेहरबान बिष्ट से सहकारिता हटाकर उन्हें गृह विभाग दिया गया है। अपर सचिव अभिनव शाह को वर्तमान दायित्वों के साथ सहकारिता की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

लंबे समय से प्रतीक्षा में चल रहे पीसीएस बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास बनाया गया है। पीसीएस इलागिरी से दुग्ध विकास हटाकर उन्हें अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा के अपर सचिव विक्रम यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटा दिया गया है। वहीं, अपर सचिव महिमा रौंकली को वन विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

Advertisement
Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts