अपराध
नशे में खूनी बना भतीजा, लोहे की रॉड से चाचा-चाची की बेरहमी से हत्या
बागेश्वर। जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में रविवार रात हुए बुजुर्ग दंपती के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भतीजे गोविंद बल्लभ खोलिया (52) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे आरोपी ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (70) और चाची भगवती देवी (62) पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दंपती को उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के दौरान आरोपी की पत्नी ने भी पीड़ितों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में बेकाबू आरोपी ने किसी की एक नहीं सुनी और बुजुर्ग दंपती पर लगातार वार करता रहा।
दस साल पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अत्यधिक नशे में था। दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब दस वर्षों से हत्या के प्रयास का मुकदमा चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी का पूर्व में भी राजस्व पुलिस क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास का आपराधिक इतिहास दर्ज है।
नदी पार कर भागा, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ग्राम प्रधान के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। हालांकि, प्रधान को उसकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी अमोली के रास्ते नदी पार कर फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र मेहरा और सीओ अजय साह के पर्यवेक्षण में बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली और एसओजी की संयुक्त टीमों ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने संभावित रास्तों पर दबिश देते हुए आरोपी को कौसानी पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुरानी पारिवारिक रंजिश और नशे की हालत में की गई इस वारदात ने एक परिवार के दो बुजुर्ग सदस्यों की जान ले ली।
