अपराध
पुलिस को फ़ोन कर बोला… मैंने पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी
पत्नी की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद पति फरार
क्लेमेनटाउन क्षेत्र में प्लॉट के कमरे से मिला महिला का शव, पति ने पुलिस को फोन कर खुद दी हत्या की सूचना
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। महिला का शव एक प्लॉट के भीतर बने कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद उसका पति फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ हो चुका था। पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास के क्षेत्र में तलाश की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
इसके बाद पुलिस टीम एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां महिला मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक महिला की मौत गोली लगने से हुई है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कई दिनों से चल रहा था पारिवारिक विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका काजल (26) अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रहती थी। उसका भाई अभिषेक भी बगल में रहता है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह हत्या की घटना सामने आई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

