अपराध
बड़ी खबर : अल्मोड़ा के गांव में ट्रैक्टर ट्राली खाई में गिरने से एक ही गांव के दो युवाओं की मौत, दो गंभीर
अल्मोड़ा जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्र देघाट से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार को यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिन्तोली (देघाट) के पास रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक संतुलन खो बैठी और खाई में जा गिरी। उस समय वाहन में चार लोग सवार थे। घटना की सूचना ग्राम प्रहरी चंदन सिंह ने तुरंत देघाट थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक मात्र 24 वर्ष के थे, जिससे गांव में मातम का माहौल है। मृतकों में दर्शन सिंह (24 वर्ष), पुत्र छोदाण सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली और चन्दन सिंह (24 वर्ष), पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली शामिल हैं। वहीं, गोपाल सिंह (24 वर्ष), पुत्र गब्बर सिंह और नरेन्द्र सिंह (18 वर्ष), पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली गंभीर रूप से घायल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
