अपराध
भावनाओं में कह दी थी गैरसैंण में आत्मदाह की बात, विधायक ने वापस लिया अपना बयान, फोन टैपिंग के आरोपों को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करने की कही थी बात, अब बोले- मुझे गोल्ज्यू देवता और कोटगाड़ी देवी के न्याय पर पूरा भरोसा
हल्द्वानी। फोन टैपिंग किए जाने के आरोपों को लेकर गैरसैंण में आत्मदाह करने की बात कहने वाले हल्द्वानी के विधायक ने अब अपना बयान वापस ले लिया है। विधायक ने एक वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया कि उन्होंने भावनाओं में बहकर आत्मदाह करने की बात कह दी थी, जो उन्हें नहीं कहनी चाहिए थी। उन्होंने अपने शब्द वापस लेते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सस्ती लोकप्रियता हासिल करना नहीं है और उन्हें न्याय व्यवस्था के साथ ही गोल्ज्यू देवता तथा कोटगाड़ी देवी मैया के न्याय पर पूरा भरोसा है।
विधायक ने अपने संदेश में सबसे पहले अपने वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, भाई-बहनों और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों ने उन्हें जो समर्थन, सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास दिया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि बीते दिन वह भावनाओं में इतना बह गए थे कि उन्होंने गैरसैंण जाकर आत्मदाह करने की बात कह दी। हालांकि, उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए था। विधायक के मुताबिक, उनके परिवार के सदस्यों ने भी इस बात को लेकर उन्हें टोका और समझाया कि उन्हें इस तरह की बात नहीं कहनी चाहिए थी।
विधायक ने स्पष्ट किया कि वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए कोई काम नहीं करना चाहते। इसी वजह से वह आत्मदाह संबंधी अपने बयान और शब्दों को वापस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गोल्ज्यू देवता और कोटगाड़ी देवी मैया के न्याय पर पूरा भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।
गौरतलब है कि फोन टैपिंग किए जाने के आरोपों को लेकर विधायक ने विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण में आत्मदाह करने की बात कहकर राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी थी। अब अपने नए वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने अपने उस बयान से पीछे हटते हुए इसे भावनाओं में कही गई बात बताया है। उनके इस बयान के बाद अब सबकी नजर फोन टैपिंग के आरोपों और इस मामले में आगे होने वाले घटनाक्रम पर रहेगी।