अपराध
सिलक्यारा से धराली तक संकट की घड़ी में दिखाई नेतृत्व क्षमता, अब नैनीताल की कानून व्यवस्था संभालेंगे अर्पण यदुवंशी
हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद संभाली एसएसपी की कुर्सी, 41 श्रमिकों के रेस्क्यू अभियान से लेकर महाकुंभ और धराली आपदा तक का रहा अहम अनुभव
हल्द्वानी। नैनीताल जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद हल्द्वानी स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचे, जहां सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
अर्पण यदुवंशी की नई तैनाती ऐसे समय में हुई है, जब नैनीताल जिले में पर्यटन सीजन के दबाव, यातायात की चुनौती, बढ़ते शहरी विस्तार और अपराध नियंत्रण जैसे मुद्दे पुलिस के सामने बड़ी जिम्मेदारी बने हुए हैं। ऐसे में उनके पूर्व के प्रशासनिक और पुलिसिंग अनुभवों पर जिले की निगाहें रहेंगी।
सिलक्यारा में 41 जिंदगियों को बचाने के अभियान का किया नेतृत्व
अर्पण यदुवंशी के पुलिस सेवाकाल का सबसे चर्चित अध्याय उत्तरकाशी में उनकी तैनाती के दौरान सामने आया। उत्तरकाशी में करीब ढाई वर्ष तक पुलिस अधीक्षक रहे यदुवंशी ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संभाली। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग हादसे ने पूरे देश का ध्यान उत्तराखंड की ओर खींचा था। सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के चुनौतीपूर्ण अभियान में उन्होंने घटना कमांडर की भूमिका निभाई। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए बचाव अभियान का नेतृत्व किया।
महाकुंभ से धराली आपदा तक एसडीआरएफ की संभाली कमान
उत्तरकाशी के बाद उन्हें राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का सेनानायक बनाया गया। करीब दो वर्षों तक इस जिम्मेदारी को निभाते हुए उन्होंने कई बड़े आयोजनों और आपदा परिस्थितियों में एसडीआरएफ के संचालन का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहा।
अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान भी एसडीआरएफ ने उनके नेतृत्व में बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान 1386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया। उनके कार्यकाल में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी प्राप्त हुआ। इसके अलावा करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
यदुवंशी ने पुलिस और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रदेश का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया है। ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उन्होंने उत्तराखंड का पक्ष रखा और सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभव साझा किए। इसके अलावा राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिए।
उनकी सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, एनडीएमए की प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
अब नैनीताल की पुलिसिंग होगी असली परीक्षा
आपदा प्रबंधन और बड़े अभियानों का अनुभव रखने वाले अर्पण यदुवंशी के सामने अब नैनीताल जिले की रोजमर्रा की पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। हल्द्वानी की जाम की समस्या, पर्यटन नगरी नैनीताल में यातायात का दबाव, अपराध नियंत्रण, नशे के कारोबार पर अंकुश और आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकता की कसौटी होंगे।
सिलक्यारा में 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने से लेकर धराली में राहत अभियान तक नेतृत्व क्षमता दिखा चुके नए एसएसपी के सामने अब सवाल यह होगा कि संकट के बड़े अभियानों में हासिल अनुभव को वह जिले की सामान्य कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को बेहतर बनाने में किस तरह इस्तेमाल करते हैं।
