Connect with us

उत्तराखण्ड

बिन्दुखत्ता के राजस्व गांव बनने की उम्मीद बढ़ी, धामी कैबिनेट ने वन भूमि डी-नोटिफिकेशन को दी सैद्धांतिक मंजूरी, कैबिनेट में तमाम अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव को भी मंजूरी यहां देखिए क्या प्रस्ताव हुए मंजूर

 

 

बापूग्राम समेत अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को भी मिल सकती है राहत, केंद्र सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव; आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर हुआ 10 हजार रुपये

 

देहरादून। उत्तराखंड के बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग अब निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बिन्दुखत्ता सहित वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इस फैसले से बिन्दुखत्ता के हजारों परिवारों में उम्मीद जगी है कि उन्हें लंबे समय से चली आ रही भूमि और राजस्व गांव से जुड़ी समस्याओं से जल्द राहत मिल सकती है। हालांकि, अभी इसे अंतिम मंजूरी नहीं माना जा सकता। सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। केंद्र की स्वीकृति और निर्धारित प्रक्रियाओं के बाद ही इस दिशा में अगला रास्ता साफ होगा।

 

बिन्दुखत्ता के साथ ऋषिकेश के बापूग्राम और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को भी इस निर्णय से लाभ मिलने की संभावना है। मंत्रिमंडल ने बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि को डी-नोटिफाई करने पर भी सैद्धांतिक सहमति जताई है। गौरतलब है कि बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति और जनआंदोलनों का प्रमुख मुद्दा रही है। यहां बड़ी संख्या में परिवार दशकों से निवास कर रहे हैं, लेकिन वन भूमि से जुड़े कानूनी प्रावधानों के चलते उन्हें मालिकाना हक, सरकारी योजनाओं और अन्य राजस्व सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में कैबिनेट का यह फैसला क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें कर्मचारियों के मानदेय, युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी विकास, श्रमिक कल्याण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े फैसले शामिल रहे।

 

आशा कार्यकर्ताओं को अब मिलेंगे 10 हजार रुपये

 

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अभी तक उन्हें 8300 रुपये प्रतिमाह मिलते थे, जो अब बढ़कर 10 हजार रुपये हो जाएंगे। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर अंतिम फैसला लेने का अधिकार मुख्यमंत्री को सौंपा गया है। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की निगाहें अब मुख्यमंत्री के निर्णय पर टिकी हैं।

 

वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी

 

युवाओं को राहत देते हुए वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे उन युवाओं को अवसर मिलेगा, जो निर्धारित आयु सीमा के कारण अब तक आवेदन नहीं कर पा रहे थे।

 

हरिद्वार में जाम से निपटने के लिए तीन पीआरटी कॉरिडोर

 

हरिद्वार में लगातार बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए कैबिनेट ने तीन पीआरटी कॉरिडोर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और पूरे नेटवर्क में 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक प्रस्तावित है, जिसकी लंबाई 15 किलोमीटर होगी। इस परियोजना से शहर में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने की उम्मीद है।

 

जमीन के उपयोग परिवर्तन की दरों में 25 प्रतिशत कटौती

 

राज्य में भवन निर्माण और शहरी विकास से जुड़े मामलों में भी राहत देने का निर्णय लिया गया है। भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में लगभग 25 प्रतिशत की कमी की गई है। इसके अलावा भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज से संबंधित प्रावधानों में भी राहत देने का फैसला किया गया है। माना जा रहा है कि इससे आवासीय और व्यावसायिक निर्माण से जुड़े लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी।

 

असंगठित श्रमिकों के लिए बनेगा सामाजिक सुरक्षा कोष

 

श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके माध्यम से ऐसे श्रमिकों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। वहीं, प्रदेश की चीनी मिलों को आर्थिक संकट से उबारने और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी।

 

स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े फैसले

 

कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में संशोधन करते हुए अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेजों से स्नातकोत्तर यानी पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी स्वीकृति दी गई।

 

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी। इससे ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

खनन, आबकारी और प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव

 

खनन विभाग के जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, खनन की रॉयल्टी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

 

आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद भी स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली और सेतु आयोग में सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े पदों के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

 

मंत्रिमंडल ने पंचम विधानसभा के सत्रावसान को भी स्वीकृति प्रदान की। अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, प्रदेश में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का फैसला भी लिया गया।

 

कुल मिलाकर धामी मंत्रिमंडल की बैठक में कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, लेकिन कुमाऊं के लिहाज से बिन्दुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों की आबादी को डी-नोटिफाई करने पर बनी सहमति सबसे ज्यादा चर्चा में है। वर्षों से राजस्व गांव के दर्जे की प्रतीक्षा कर रहे बिन्दुखत्ता के लोगों के लिए यह फैसला उम्मीद की नई किरण लेकर आया है। अब असली परीक्षा केंद्र सरकार की मंजूरी और उसके बाद शुरू होने वाली कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया की होगी।

 

Advertisement
Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts