Connect with us

Uncategorized

अच्छी खबर: अब हल्द्वानी से अल्मोड़ा और अल्मोड़ा से दून के लिए भी हेली सेवा

हल्द्वानी : उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने हल्द्वानी से अल्मोड़ा के बीच हेली सेवा की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सर्वे हो चुका है। तीन घंटे का सफर अब हेलीकाप्टर से बस एक घंटे में ही पूरा हो जाएगा।

हल्द्वानी से अल्मोड़ा की दूरी 89 किलोमीटर है। आपात स्थिति में यदि कोई अल्मोड़ा जाना चाहता है तो उसे तकरीबन तीन घंटे का सफर करना होगा। रास्ते में जाम लगा तो चार से पांच घंटे भी लग सकते हैं। इस बीच यूकाडा ने हेली सेवा की सौगात की तैयारी शुरू की है। इसका संचालन पवनहंस कंपनी करेगी। फिलहाल किराया अभी तय नहीं हो सका है।

जागेश्वर धाम का दर्शन होगा सुगम

अल्मोड़ा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम जाने वाले यात्रियों को हेली सेवा से बड़ी राहत मिलेगी। अल्मोड़ा से जागेश्वर धाम की दूरी 35 किलोमीटर है। यहां जाने के लिए एक से दो दिन का समय जरूरी है। हेलीकाप्टर से श्रद्धालु एक दिन में ही जागेश्वर धाम के दर्शन कर वापस लौट सकते हैं।

एक ही होगा ट्रैक

हल्द्वानी से पिथौरागढ़ व देहरादून के लिए हवाई सेवा चल रही है। यूकाडा अधिकारियों के अनुसार हल्द्वानी में हेलीकाप्टर का एक ही ट्रैक है। दूसरा ट्रैक इमरजेंसी लैंडिंग के लिए बनाया गया है। अल्मोड़ा की हवाई सेवा भी पुराने ट्रैक से ही चलेगी।

अल्मोड़ा-देहरादून की उड़ान इसी माह

अल्मोड़ा से देहरादून के लिए हेली सेवा इसी माह से शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए सर्वे के साथ ही ट्रैक का काम भी पूरा हो गया है। देहरादून से आने वाला हेलीकाप्टर अल्मोड़ा के बाद पिथौरागढ़ तक जाएगा।

सरकार की अनुमति का इंतजार

मुख्य सुरक्षाधिकारी, यूकाडा राम सिंह कठैत ने बताया कि हल्द्वानी से अल्मोड़ा के बीच हेली सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य सरकार की अनुमति का इंतजार है। अल्मोड़ा-देहरादून सेवा इसी महीने से शुरू होगी।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts