अपराध
ऊंचापुल में जाम से त्रस्त लोगों का फूटा गुस्सा, चौराहे पर दिया धरना; अतिक्रमण हटाने की मांग
हल्द्वानी। ऊंचापुल चौराहे पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से परेशान क्षेत्रवासियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। यातायात व्यवस्था में सुधार और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने चौराहे पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऊंचापुल चौराहे पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसका स्थायी समाधान करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसका खामियाजा रोजाना सैकड़ों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की बसें हों या मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस, नौकरीपेशा लोग हों या व्यापारी, हर कोई इस अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था से परेशान है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक कई बार जाम की स्थिति इतनी विकट हो जाती है कि महज 300 मीटर का चौराहा पार करने में दो-दो घंटे तक लग जाते हैं। इससे लोगों का कीमती समय बर्बाद होने के साथ ही आपातकालीन सेवाओं के संचालन पर भी असर पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से चौराहे के आसपास किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन को और उग्र करने के लिए मजबूर होंगे।
धरना-प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश जोशी, पार्षद संजय सिंह भोजक, पार्षद प्रमोद पंत, पार्षद प्रतिनिधि मनोज जोशी, पार्षद चंद्रप्रकाश, कैप्टन सोबन सिंह भड़, गोकुलानंद जोशी, पंडित कपिल पाण्डेय, नीलेश जोशी, पवन फुलारा, योगेश भोज, हर्षवर्धन जोशी, देवेंद्र दफौटी, रवि भोजक, बीएस असवाल, मोहन सिंह भोजक, गोपाल पतलिया, बालम बोहरा और सौरभ बोहरा सहित दर्जनों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
