अपराध
14 साल के बेटे की हार्ट अटैक से मौत के बाद मां ने सरयू में कूदकर जान दी
बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई मां, सरयू में कूदकर दी जान
पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मां-बेटे की मौत की दर्दनाक घटना सामने आई है। 14 वर्षीय बेटे की अचानक हार्ट अटैक से मौत के बाद मां सदमे में इस कदर टूट गई कि उन्होंने अस्पताल से निकलकर टैक्सी पकड़ी और रास्ते में सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार वड़डा क्षेत्र के मड़ेगांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी पुत्र कैलाश जोशी नगर के एक निजी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। उसके पिता असम राइफल्स में त्रिपुरा में तैनात हैं, जबकि बहन मध्य प्रदेश में नौकरी करती है। जतिन अपनी 44 वर्षीय मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा के साथ रहता था और दोनों एक-दूसरे का सहारा थे।
शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण जतिन सुबह दौड़ लगाने के लिए झूलाघाट मैदान गया था। वापस लौटते समय उसके सीने में अचानक तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। पीछे से आ रहे बच्चों ने इसकी सूचना उसकी मां को दी। पूनम मौके पर पहुंचीं और बेटे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचीं, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अचानक बेटे की मौत से पूनम पूरी तरह बदहवास हो गईं। अस्पताल में बेटे का शव सामने देखकर वह खुद को संभाल नहीं सकीं और वहां से निकल गईं। इसके बाद टैक्सी स्टैंड पहुंचकर गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में सवार हो गईं।
घाट के पास टैक्सी चालक ने सरयू नदी किनारे संचालित एक दुकान से सामान लेने के लिए वाहन रोका। इसी दौरान पूनम टैक्सी से उतरीं और सीधे सरयू नदी में छलांग लगा दी। चालक और दुकानदार ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगाकर प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद पूनम का शव नदी किनारे उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

