Connect with us

Uncategorized

राजधानी देहरादून में पांच सीटों पर भाजपा, छह पर कांग्रेस के बढ़े वोट

खबर शेयर करें -

 देहरादून। उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव में जीत और हार तय की जा चुकी है। अब पार्टियों में इस बात पर मंथन चल रहा है कि शह और मात के इस खेल में किसका वोट प्रतिशत बढ़ा है, किसके वोट कम हुए हैं और कहां ठहराव की स्थिति दिखी।

सहसपुर सीट पर भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों की लंबी छलांग

वोट में इजाफे की बात की जाए तो देहरादून जिले की सहसपुर सीट पर भाजपा व कांग्रेस दोनों के ही प्रत्याशियों ने लंबी छलांग लगाई। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा को भले ही हार का सामना करना पड़ा हो, मगर पार्टी के लिए उन्होंने पहले की तुलना में 24.21 प्रतिशत वोटों का इजाफा किया। पिछले चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को उतारा था। तब उन्हें 20.01 प्रतिशत वोट मिले थे। अब यह आंकड़ा 44.22 प्रतिशत रहा।

सहसपुर सीट पर तीसरी बार जीत हासिल करने वाले भाजपा प्रत्याशी सहदेव सिंह पुंडीर ने इस बार अपने प्रदर्शन में इजाफा किया। पिछले चुनाव की तुलना में उनका मत प्रतिशत करीब 16 प्रतिशत अधिक रहा। जीतने वाले प्रत्याशियों में बढ़त का यह आंकड़ा भी सर्वाधिक है। वहीं, वोट प्रतिशत में कमी की बात की जाए तो चकराता सीट पर भाजपा के वोट में करीब नौ प्रतिशत की कमी आई है।

कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह के वोट बैंक में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी

वर्ष 2017 में इस सीट से भाजपा ने मधु चौहान को उतारा था। तब भी भाजपा को यहां हार मिली और वोट प्रतिशत करीब साढ़े 46 प्रतिशत रहा। अबकी बार रामशरण नौटियाल को भाजपा ने मैदान में उतारा और वह 37.67 प्रतिशत ही वोट हासिल कर पाए। दूसरी तरफ चकराता से निरंतर जीतते आ रहे कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने वोट बैंक में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी कराने में सफलता हासिल की।

कुल मिलाकर भाजपा ने सहसपुर, राजपुर रोड, देहरादून कैंट, मसूरी व ऋषिकेश सीट पर अपने वोट बैंक में सुधार किया। इसी तरह कांग्रेस का वोट बैंक चकराता, विकासनगर, सहसपुर, धर्मपुर, रायपुर व ऋषिकेश सीट पर बढ़ा।

बंपर जीत मिली, पर वोट प्रतिशत घटा

भाजपा ने डोईवाला सीट पर पूर्व सिटिंग विधायक व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह बृजभूषण गैरोला को टिकट दिया। इस सीट पर भाजपा को बंपर जीत मिली और जीत के सर्वाधिक मार्जिन में गैरोला दूसरे स्थान पर रहे।

फिर भी पिछले चुनाव से तुलना की जाए तो डोईवाला सीट पर पार्टी ने करीब सवा तीन प्रतिशत वोट गंवाए हैं। इससे इतर देहरादून कैंट सीट पर ताउम्र अविजित रहे हरबंस कपूर की विरासत को बचाने के लिए भाजपा ने उनकी पत्नी को मैदान में उतारा। उन्हें भी बंपर जीत मिली और अच्छी बात यह रही कि पहले की तुलना में पार्टी को यहां करीब पौने तीन प्रतिशत वोट अधिक मिले।

शीर्ष पर रहे काऊ के वोट में ठहराव

जीत का सर्वाधिक मार्जिन लेने वाले रायपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश शर्मा काऊ के वोटों में ठहराव दिखा। हालांकि, एक सीमा के बाद बढऩे की रफ्तार मंद भी पड़ जाती है। बीते चुनाव में काऊ को 60.73 प्रतिशत वोट मिले थे और इस दफा उनके वोट में मामूली गिरावट देखने को मिली। गिरावट से अधिक यह स्थिति ठहराव जैसी नजर आती है।

विस सीटवार मत प्रतिशत की स्थिति (प्रतिशत में)

चकराता

पार्टी- परिणाम- 2022- 2017

कांग्रेस- जीत- 50.64-48.64

भाजपा- हार- 37.67- 46.49

विकासनगर

भाजपा- जीत- 50.04- 50.37

कांग्रेस- हार- 43.67- 42.06

सहसपुर

भाजपा-जीत- 50.86- 35

कांग्रेस- हार- 44.22- 20.01

धर्मपुर

भाजपा-जीत- 49.25- 50.66

कांग्रेस- हार- 40.76- 40.35

रायपुर

भाजपा- जीत- 60.15- 60.73

कांग्रेस- हार- 32.66- 23.36

राजपुर रोड

भाजपा- जीत- 53.62- 52.69

कांग्रेस- हार- 37.45- 40.26

देहरादून कैंट

भाजपा- जीत- 59.16- 56.41

कांग्रेस- हार- 31.93- 33.55

मसूरी

भाजपा- जीत- 56.49- 54.67

कांग्रेस- हार- 37.19-38.69

डोईवाला

भाजपा- जीत- 57.22- 60.44

कांग्रेस- हार- 31.65- 34.75

ऋषिकेश

भाजपा- जीत- 50.04- 45.83

कांग्रेस-हार- 31.86- 30.78

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts