Connect with us

Uncategorized

कांग्रेस का हाथ छोड़ बने आप के, डा आरपी रतूड़ी और कमलेश रमन आप में सम्मिलित

खबर शेयर करें -

देहरादून। प्रदेश में संगठन को नए सिरे से सशक्त करने के लिए हाथ-पांव मार रही कांग्रेस को सोमवार को झटका लगा। प्रदेश प्रवक्ता पद संभाल चुके डा आरपी रतूड़ी और महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश रमन ने कांग्रेस छोड़कर नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

कांग्रेस की सत्ता से बढ़ती दूरी और अंतर्कलह थामने में सफलता नहीं मिलने का असर सक्रिय कार्यकर्त्ताओं के मनोबल पर दिखने लगा है। पार्टी की चिंता का बड़ा कारण उसके सक्रिय कार्यकर्त्ताओं और पदाधिकारियों का आप में सम्मिलित होना है।

बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रहे जोत सिंह बिष्ट पार्टी से त्यागपत्र देकर आप से जुड़े थे। लगभग डेढ़ महीने के भीतर कांग्रेस को दूसरा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे डा आरपी रतूड़ी 45 वर्ष लंबे जुड़ाव के दौरान पार्टी की तमाम गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।

इंटरनेट मीडिया पर अपनी पोस्ट में डा रतूड़ी ने कहा कि कांग्रेस के जो हालात हैं, वह भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं हैं। पार्टी नेतृत्व की ओर से लिए जा रहे निर्णय और पार्टी में अंतर्कलह दुखद है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के चुनाव परिणाम से सबक लेने के बजाय वर्ष 2022 की चुनावी हार के बाद पार्टी में गुटबाजी और तेज हो रही है।

पार्टी का उत्तराखंड का नेतृत्व नहीं चाहता कि 2027 में पार्टी चुनाव जीते। बड़े नेताओं के इंटरनेट मीडिया पर झगड़ने से कार्यकर्त्ता हतोत्साहित हैं। वह आहत होकर पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से मुक्त हो रहे हैं।

प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रहीं कमलेश रमन ने कहा कि 30 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद पिछले कुछ समय से वह स्वयं को ठगा महसूस कर रही हैं। लगातार बढ़ रहे अंतर्कलह से आहत होकर वह कांग्रेस छोड़ रही हैं। डा आरपी रतूड़ी और कमलेश रमन ने आइटी विशेषज्ञ कुलदीप चौधरी के साथ सोमवार को नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया और उत्तराखंड प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts