Uncategorized
हल्द्वानी में सड़क किनारे बेहोश मिले किशोर की मौत, स्वजनों ने लगाया हत्या का आरोप
हल्द्वानी: काठगोदाम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे छात्र बेसुध मिला। एसटीएच लाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर में चोट के निशान होने पर स्वजनों ने बेटे के हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से निगोही, शाहजहांपुर व हाल कैनाल रोड काठगोदाम निवासी 18 वर्षीय सूरज वर्मा पुत्र राकेश कुमार वर्मा पढ़ाई करता था। शुक्रवार को वह दोस्त के घर जाने की बात कहकर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा।
स्वजनों ने तलाश शुरू की तो पता चला कि सूरज शीशमहल के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। उसे एसटीएच ले जाया गया है। जब तक स्वजन एसटीएच पहुंचे डाक्टर ने बेटे को मृत घोषित कर दिया था। मृतक के पिता राकेश कुमार का कहना है कि उनके बेटे की हत्या हुई है।
इधर, पुलिस मौत को सड़क हादसा मान रही है। एसओ प्रमोद पाठक का कहना है कि जांच के बाद हकीकत सामने आएगी। शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
जहर खाने से युवक की मौत
लालकुआं के युवक की जहर खाने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक खड़कपुर मोटाहल्दू लालकुआं निवासी 20 वर्षीय कृपाल पुत्र सेवाराम राजपूत वाहन चालक था। खनन सत्र में वह गौला नदी में वाहन चलाता था। शुक्रवार को अज्ञात कारणों के चलते उसने जहर खा लिया। स्वजन उसे एसटीएच लेकर आए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
