उत्तराखण्ड
जब अधिकारी को मौके से ही वीडियो कॉल किया सीएम ने: जन शिकायत पर एक्शन मोड में सीएम, मौके पर पहुंचकर खुद किया निरीक्षण
जब अधिकारी को मौके से ही वीडियो कॉल किया सीएम ने: जन शिकायत पर एक्शन मोड में सीएम, मौके पर पहुंचकर खुद किया निरीक्षण
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर जाखन पहुंचे मुख्यमंत्री, वीडियो कॉल से अधिकारियों को दिखाई जमीनी हकीकत
देहरादून में जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक्शन मोड में नजर आए। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने फाइलों में निपटान के बजाय खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मामला जाखन क्षेत्र का है, जहां निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड किए जाने के बाद फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, लेकिन बाद में यूपीसीएल द्वारा अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के दौरान उसे खोद दिया गया। कार्य के बाद सही तरीके से भरान नहीं किए जाने के कारण फुटपाथ की टाइल्स धंस गईं, जिससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को सीएम को हेल्पलाइन की समीक्षा करनी थी, लेकिन उन्होंने बैठक से पहले सीधे मौके पर पहुंचकर शिकायत की सच्चाई परखी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल से ही अधिकारियों को वीडियो कॉल किया और उन्हें जमीनी स्थिति दिखाई।
स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सीएम ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने यह भी कहा कि कई जगह अंडरग्राउंड लाइन होने के बावजूद बिजली की तारें ऊपर दिखाई दे रही हैं, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिना ठोस योजना के बार-बार कार्य करने से जनता को परेशानी होती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होती है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देशित किया कि पूरे प्रदेश में इस तरह की शिकायतों की पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रीय निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
