Connect with us
Weather Update मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश और दूसरा आंतरिक तमिलनाडु पर बना हुआ है। अपेक्षाकृत कम दबाव की एक अक्षीय रेखा उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश से तेलंगाना होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक चल रही है।

Uncategorized

Weather Update: राहत का दौर रहेगा बरकरार, मई में भी मौसम सुहावन रहने के आसार; कई दिनों तक लू की स्थिति नहीं

दिल्ली समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी से फिलहाल बनी हुई राहत अभी आगे भी जारी रहेगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि देश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार पांच दिनों तक वह स्थिति नहीं ही बनेगी, जिसने पिछले सप्ताह लोगों को परेशान किया था। दिल्ली एनसीआर में भी अभी दो दिन तो वर्षा होने की संभावना है ही, इसके बाद 28-29 को फिर वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश और दूसरा आंतरिक तमिलनाडु पर बना हुआ है। अपेक्षाकृत कम दबाव की एक अक्षीय रेखा उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश से तेलंगाना होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक चल रही है। स्काईमेट वेदर की मानें तो एक अन्य अक्षीय रेखा पूर्वोत्तर बिहार से झारखंड होते हुए ओडिशा तक फैली हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अक्षीय रेखा आमतौर पर बादल बनाती है और वर्षा लाती है, जिससे तापमान में गिरावट आती है।

स्काईमेट वेदर ने कहा है कि पूरे पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में छिटपुट वर्षा की उम्मीद है। पश्चिमी हिमालय, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पंजाब, बिहार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट वर्षा के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

रविवार को दिनभर दिल्ली में सुहावना बना रहा मौसम

दिल्ली में रविवार को दिन भर मौसम सुहावना रहा। सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही तो कहीं कहीं बूंदाबांदी भी हुई। इसी का असर रहा कि तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को भी यही स्थिति बनी रहे की संभावना है।

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 31.3 डिग्री जबकि न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 32 से 47 प्रतिशत रहा। पालम, लोधी रोड और रिज क्षेत्र में बूंदाबांदी भी देखने को मिली।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा चलेगी और इसके साथ हल्की वर्षा भी होगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 21 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 28 व 29 तारीख को फिर बरसात होगी। मतलब, अप्रैल के पूरे माह ही गर्मी नहीं सताएगी। संभावना है कि मई माह की शुरुआत भी राहत भरी ही हो सकती है।

Advertisement
Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts