Connect with us

Uncategorized

ऊधमसिंहनगर: ई-रिक्शा चालक का गन्ने के खेत में मिला शव, शरीर पर चाकू के पांच निशान, मोबाइल नकदी गायब

रुद्रपुर। सिडकुल पंतनगर में गन्ने के खेत में मिले शव की शिनाख्त हो गई। शव महमदपुर शमसाबाद जिला फर्रुखाबाद (यूपी) निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ पंकज (35) का निकला। वह पिछले 15 साल से शहर में रहकर ई-रिक्शा चलाता था। ई-रिक्शा, मोबाइल और जेब में पड़ी नकदी गायब है। उसके शरीर पर पांच चाकुओं के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि लूट के बाद उसकी हत्या की गई है।

सिडकुल में जे-ब्लॉक के पास गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। एसपी सिटी समेत पंतनगर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

रविवार शाम जेके सिंह ने शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि राकेश शहर में ई-रिक्शा चलाता था और परिवार के साथ अटरिया रोड पर किराये के कमरे में रहता था। परिवार में पत्नी मुनीता देवी, तीन साल की बेटी और सात साल का बेटा है। गर्मी की छुट्टियों में सात मई को उसकी पत्नी शाहजहांपुर स्थित अपने मायके चली गई थी। वह अपना ई-रिक्शा अटरिया ढाल पर रहने वाले परिचित जेके सिंह के घर में खड़ा करता था और वहीं चार्जिंग करता था। जेके का कहना है कि वह शनिवार सुबह रिक्शा लेने आया और इसके बाद नहीं लौटा।

दोपहर करीब एक बजे उसे सिडकुल ढाल में सिडकुल की ओर यात्रियों को ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। तब से उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस भी हत्या की बात से इन्कार नहीं कर रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि हत्या की आंशका है। हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुष्टि हो सकेगी।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts