उत्तराखण्ड
पहाड़ी जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बिगड़ेगा मौसम; प्रशासन अलर्ट मोड पर
पहाड़ी जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बिगड़ेगा मौसम; प्रशासन अलर्ट मोड पर
नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, हल्द्वानी में तापमान 30 डिग्री दर्ज, नैनीताल में बढ़ी ठंड
हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर समेत पिथौरागढ़ जिले में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और मौसम की परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने और किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान मौसम तेजी से बदलता है, ऐसे में प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
हल्द्वानी में 30 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
तराई और पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। गुरुवार को हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रहने के बावजूद सुबह और शाम के वक्त मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है।
नैनीताल में सुबह महसूस हुई ठंड
इधर, बुधवार देर रात हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद सरोवर नगरी नैनीताल के मौसम में भी बदलाव देखने को मिला। गुरुवार सुबह ठंड का असर पहले की अपेक्षा अधिक महसूस किया गया। आसमान में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान में आई गिरावट ने लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया।
मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। खासकर नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन की निगाहें भी मौसम विभाग की आगामी चेतावनियों पर टिकी हुई हैं।
