उत्तराखण्ड
नैनीताल के दो पूर्व डीएम की दिल्ली में होगी नई पारी, केंद्र में अहम जिम्मेदारियां संभालेंगे, केंद्र से बुलावा मिलने के बाद उत्तराखंड के प्रशासनिक महकमे में फेरबदल के संकेत, कई विभागों में बदल सकती हैं जिम्मेदारियां
नैनीताल के दो पूर्व डीएम की दिल्ली में होगी नई पारी, केंद्र में अहम जिम्मेदारियां संभालेंगे, केंद्र से बुलावा मिलने के बाद उत्तराखंड के प्रशासनिक महकमे में फेरबदल के संकेत, कई विभागों में बदल सकती हैं जिम्मेदारियां
देहरादून। उत्तराखंड कैडर के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और नैनीताल जिले के पूर्व जिलाधिकारी रहे सविन बंसल और वंदना जल्द केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई जिम्मेदारियां संभाल सकते हैं। दोनों अधिकारियों के केंद्र जाने की तैयारी के साथ ही राज्य के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
2009 बैच के आईएएस अधिकारी सविन बंसल को केंद्र सरकार ने तीन वर्ष की प्रतिनियुक्ति पर लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर तैनाती दी है। वर्तमान में सचिव स्तर की जिम्मेदारी संभाल रहे सविन बंसल इससे पहले नैनीताल के जिलाधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वहीं, नैनीताल की पूर्व जिलाधिकारी वंदना के भी जल्द केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार में उन्हें किसी महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति मिल सकती है। हालांकि, उनकी तैनाती को लेकर अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
दो वरिष्ठ अधिकारियों के केंद्र जाने और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से एक आईएएस अधिकारी के उत्तराखंड लौटने की संभावनाओं के बीच राज्य में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी भी तेज मानी जा रही है। माना जा रहा है कि कई विभागों में सचिव स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया जा सकता है।
नैनीताल जिले का नेतृत्व कर चुके इन दोनों अधिकारियों का केंद्र में जाना उत्तराखंड कैडर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में इसे राज्य के अनुभवी अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के रूप में देखा जा रहा है।
