उत्तराखण्ड
शोक सभा में दिवंगत जिला सूचना अधिकारी को श्रद्धांजलि, हल्द्वानी के नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव
शोक सभा में दी गई दिवंगत जिला सूचना अधिकारी को श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री धामी ने भी फोन पर जताया दुख
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से हल्द्वानी के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। सोमवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में आयोजित शोक सभा में पत्रकारों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान पत्रकारों ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सामने रखा। सर्वसम्मति से यह मांग उठाई गई कि हल्द्वानी ब्लॉक परिसर में निर्माणाधीन नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों का कहना था कि मीडिया और सूचना विभाग के बीच बेहतर समन्वय के लिए काम करने वाले गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति को इस तरह स्थायी रूप से जीवित रखा जा सकता है।
शोक सभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फोन पर गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एडीएम विवेक राय, एसडीएम रेखा कोहली और मीडिया सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
इस मौके पर पत्रकारों ने गिरिजा शंकर जोशी के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सहज व्यवहार, सहयोगी स्वभाव तथा मीडिया से बेहतर समन्वय के लिए किए गए कार्यों को याद किया। सभा का माहौल भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने दिवंगत अधिकारी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

