अपराध
उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और यूपी में कैबिनेट मंत्री के दामाद के ऑफिस में चोरों ने लगाई सेंध, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद
उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और यूपी में कैबिनेट मंत्री के दामाद के ऑफिस में चोरों ने लगाई सेंध, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद
देहरादून। सैलाकुई थाना क्षेत्र में एक कार्यालय से दो लैपटॉप चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता निखिल गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह अगस्त की सुबह करीब चार बजे एक व्यक्ति कार्यालय में दाखिल हुआ और कुछ देर बाद दो लैपटॉप लेकर फरार हो गया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने पहले किसी अन्य व्यक्ति को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। करीब पांच बजे सामने वाले व्यक्ति ने फोन उठाया और दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद आरोपी ने कार्यालय से दो लैपटॉप उठाए और उन्हें अपने बैग में रख लिया। उसने वाउचर बुक में हस्ताक्षर भी किए और लैपटॉप लेकर निकल गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्यालय से कुछ दस्तावेज भी गायब हैं। आरोपी बार-बार लैपटॉप खोलने का प्रयास करता नजर आ रहा है। साथ ही कार्यालय में मौजूद स्मार्टफोन के साथ भी छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की पेनड्राइव भी उपलब्ध कराई गई है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी को कार्यालय की चाबी की जानकारी थी, जिससे उसके किसी परिचित या पूर्व जानकारी रखने वाले व्यक्ति होने की आशंका जताई जा रही है।
निखिल गुप्ता ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य की पोती हैं। बेबी रानी मौर्य उत्तराखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं।
सैलाकुई थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
