Connect with us

Uncategorized

रूस की यूक्रेन में विशेष सैन्य अभियान की घोषणा पर गुतेरस ने कहा, संरा प्रमुख के तौर पर मेरे कार्यकाल का सबसे दुखद क्षण

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन में विशेष सैन्य अभियान की घोषणा किए जाने को ‘अपने कार्यकाल का सबसे दुखद क्षण’ करार दिया है। दूसरी तरफ सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों ने रूसी राष्ट्रपति की कार्रवाई को ‘अकारण और अनुचित’ बताते हुए इसकी आलोचना की।

पुतिन ने गुरुवार को पूर्वी यूक्रेन में विशेष सैन्य अभियान की घोषणा की। उन्होंने दावा किया कि इस कदम का उद्देश्य नागरिकों की रक्षा करना है। गुटेरस ने कहा, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के मेरे कार्यकाल में यह दुखद क्षण है। मैंने सुरक्षा परिषद की इस बैठक की शुरुआत राष्ट्रपति पुतिन को संबोधित करते हुए और उन्हें यह कहते हुए की कि अपने सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने से रोकें और शांति का रास्ता चुनें।

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, यह बैठक चल रही थी कि पुतिन ने डोनबास में ‘विशेष सैन्य अभियान’ की घोषणा की। इस वर्तमान परिस्थिति में मुझे अपनी अपील बदलनी होगी। मुझे कहना पड़ेगा कि राष्ट्रपति पुतिन मानवता के नाम पर अपने सैनिकों को रूस वापस लाइए। मानवता के नाम पर यूरोप में इसे शुरू करने की अनुमति नहीं दीजिए, जो सदी की शुरुआत के बाद से सबसे भयावह युद्ध हो सकता है। इसके परिणाम न केवल यूक्रेन के लिए विनाशकारी हैं, न केवल रूसी संघ के लिए दुखद हैं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए दुखदायी हैं।

पश्चिमी देशों के दबाव में आ गए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख : लावरोव

मास्को, प्रेट्र : रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस पर ‘पश्चिमी देशों के दवाब में आ जाने’ और यूक्रेन पर ऐसे बयान देने का आरोप लगाया, जो उनके पद के अनुरूप नहीं हैं। लावरोव ने सीरिया केलिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत गैर पेडर्सन के साथ बातचीत के दौरान यह बात कही। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने अपनी खबर में इस बारे में बताया। लावरोव ने कहा, बहुत अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि आप जिस संयुक्त राष्ट्र महासचिव का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वे पश्चिमी देशों के दबाव के आगे झुक गए हैं। हाल में उन्होंने ऐसे बयान दिए हैं, जो संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत उनके पद के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि रूस ने गुटेरस को उनके बयानों के आकलन से अवगत करा दिया है।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts