Connect with us

Uncategorized

आसनसोल में लगे शत्रुघ्न सिन्हा के लापता के पोस्टर, जनता बोली-‘खुद को बिहारी बाबू कहने वाले छठ पूजा पर ही गायब’

शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद हैं। यहां की जनता ने उनके लापता होने का पोस्टर लगाया है। शत्रुघ्न सिन्हा के लापता होने का जो पोस्टर लगाया है उस पर बातौर निवेदक ‘आसनसोल की बिहारी जनता’ लिखा हुआ है। इसके अलावा पोस्टर पर यह भी लिखा गया है कि ‘शत्रुघ्न सिन्हा जी बिहारी बाबू के नाम से जाने जाते हैं, लेकिन वह बिहारियों के मुख्य पर्व छठ पूजा में अपने क्षेत्र से गायब हैं’

पोस्टर को लेकर भाजपा ने कसा तंज

शत्रुघ्न सिन्हा के लापता होने के पोस्टर आने के बाद राजनीति भी गरमा गई है। इसको लेकर भाजपा ने तंज कसना शुरू कर दिया है। भाजपा नेता अमित गरई ने तंज कसते हुए कहा बताइए- बिहारी बाबू छठ पूजा पर अपने ही क्षेत्र में नहीं हैं। हालांकि, इस पोस्टर पर टीएमसी ने सफाई दी।

TMC बोली शत्रुघ्न सिन्हा छठ पूजा पर रहेंगे क्षेत्र में

तृणमूल कांग्रेस के राज्य सचिव वी शिवदासन दासू ने सिन्हा का बचाव करते हुए कहा कि वह छठ पूजा पर आसनसोल में रहेंगे। छठपूजा पर जनता को सभी तरह की सेवाएं सांसद कार्यालय से मिल रही हैं। यह पोस्टर किसी शरारत की वजह से लगा दिया है।

TMC बोली पोस्टर के पीछे भाजपा का हाथ

सिन्हा के लापता होने वाले पोस्टर को लेकर टीएमसी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह कृत्य भाजपा की तरफ से किया गया है। तृणमूल पार्षद सलीम अंसारी ने दावा करते हुए कहा कि यह सब बीजेपी का काम है। वहीं, शिवदासन ने कहा कि सिन्हा छठ पूजा पर आसनसोल जाएंगे। 29 अक्टूबर को वह क्षेत्र में रहेंगे। सिन्हा महीने में दो बार क्षेत्र में आते हैं। वह दुर्गा पूजा पर भी आए थे। ऐसे में इसको लेकर राजनीति करना ठीक नहीं है।

2013 में पटना साहिब में भी लगे थे लापता होने के पोस्टर

यह पहली बार नहीं है, जब सिन्हा का लापता होने का पोस्टर लगाया गया है। इससे पहले 2013 में बिहार के पटना साहिब में भी उनके लापता होने का पोस्टर लगाया गया था। वे उस वक्त भाजपा से सांसद थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ कर दी थी। जिसकी वजह से भाजपा उन पर भड़क गई थी। हालांकि, भाजपा ने तब आरोप लगाते हुए कहा था कि यह पोस्टर कांग्रेस की तरफ से लगाया है।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts