अपराध
मोबाइल बंद, सीसीटीवी में बदलता दिखा रास्ता… मेडिकल कारोबारी की तलाश में कई राज्यों तक पहुंची पुलिस
मोबाइल बंद, सीसीटीवी में बदलता दिखा रास्ता… मेडिकल कारोबारी की तलाश में कई राज्यों तक पहुंची पुलिस
हल्द्वानी। शहर के एक मेडिकल स्टोर संचालक के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले में पुलिस की जांच लगातार नए पहलुओं की ओर बढ़ रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कारोबारी की गतिविधियों का क्रम तैयार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि घर से बरेली जाने की बात कहकर निकला कारोबारी रास्ते में अपना रूट बदलता रहा और अलग-अलग बसों से यात्रा करता हुआ उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, कारोबारी पहले हल्द्वानी से किच्छा तक बस से पहुंचा। वहां कुछ समय रुकने के बाद उसने दूसरी बस पकड़ी और फिर रुद्रपुर होते हुए रामपुर की दिशा में जाता दिखाई दिया। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुई है, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस की कई टीमें कारोबारी की तलाश में लगातार जुटी हैं। जांच के दौरान उसके रामपुर की ओर जाने की जानकारी मिली है, जिसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क स्थापित किया गया है। दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि कारोबारी शनिवार सुबह करीब छह बजे बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने मुखानी थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने खोजबीन शुरू की और उसके संभावित यात्रा मार्ग की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दीं।
जांच के दौरान पुलिस कारोबारी के मोबाइल फोन, बैंकिंग गतिविधियों और हाल के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। साथ ही उसके व्यावसायिक लेनदेन और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।
