Connect with us

अपराध

हल्द्वानी: रहस्यमय ढंग से लापता हुआ मेडिकल कारोबारी, 1.85 लाख रुपये निकालने के बाद से नहीं लगा सुराग

हल्द्वानी: रहस्यमय ढंग से लापता हुआ मेडिकल कारोबारी, 1.85 लाख रुपये निकालने के बाद से नहीं लगा सुराग

हल्द्वानी। शहर के एक मेडिकल कारोबारी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। कारोबारी तीन दिन पहले घर से बरेली जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने उसकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है।

 

 

जानकारी के अनुसार, मुखानी क्षेत्र के चौफुला चौराहे के पास किराये पर रहने वाले और मेडिकल स्टोर संचालित करने वाले शिवशंकर गोस्वामी शनिवार सुबह घर से बरेली जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मुखानी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

 

 

जांच में सामने आया कि लापता होने से पहले शिवशंकर ने अपने विभिन्न बैंक खातों और एटीएम से करीब 1.85 लाख रुपये निकाले थे। पुलिस अब उनके बैंक लेन-देन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

 

 

परिजनों ने बताया कि शिवशंकर की तलाश में वे कई स्थानों पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें टांडा जंगल के पास उनके होने की सूचना मिली, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस की टीम ने क्षेत्र में करीब दो घंटे तक कॉम्बिंग अभियान चलाया। हालांकि वहां भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच किसी ने बाघ द्वारा व्यक्ति को उठा ले जाने की अफवाह फैला दी, लेकिन जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई।

 

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शिवशंकर बरेली जाने वाली बस में सवार हुए थे। अब उनकी आवाजाही के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसपी सिटी ने बताया कि कारोबारी की तलाश के लिए पुलिस टीम को बरेली भी भेजा गया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।

 

 

परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द शिवशंकर की सकुशल बरामदगी की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts