Uncategorized
Gupt Navratri 2022: गुप्त नवरात्र पर बन रहा है विशेष योग; जानिए क्या है घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
Gupt Navratri 2022 माघ महीने में पड़ने वाले गुप्त नवरात्र बुधवार से शुरू हो रहे हैं। इस मौके पर विभिन्न मंदिरों में मां दुर्गा की विशेष आरती व पूजा अर्चना की जाएगी। घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 7:09 से 8:31 बजे तक रहेगा। इस बार गुप्त नवरात्र पर कुंभ राशि के चंद्रमा के साथ मकर राशि में बुधादित्य महायोग और सूर्य शनि की युति देवी आराधना के पर्व को खास बना रहा है।
हिंदी पंचांग के अनुसार, सालभर में चार नवरात्र होते हैं। इनमें माघ और आषाढ़ में गुप्त नवरात्र पर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। आचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि इस बार दो फरवरी से 10 फरवरी तक गुप्त नवरात्र रहेंगे। उन्होंने बताया कि इन नौ दिनों में कई लोग व्रत धारण कर मां दुर्गा की आराधना करते हैं। बताया कि गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में भी सुबह शाम आरती की जाएगी। जीएमएस रोड स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर, शिव मंदिर डालनवाला, दुर्गा देवी मंदिर में भी माता का श्रृंगार और विशेष आरती होगी। मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए मंदिरों में विशेष पूजा की जाएगी। जीवन में तनाव मुक्त रहने के लिए शक्ति की उपासना होगी। मां शक्ति के मंत्रों के जाप किए जाएंगे।
मौनी अमावस्या पर स्नान व दान कर कमाया पुण्य
मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद जरूरतमंदों को दान कर पुण्य कमाया। इस दौरान शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
ब्रह्म मुहूर्त में इस दिन मौन रहकर स्नान करने का विधान है। कुछ श्रद्धालुओं ने घर पर ही गंगाजल के साथ स्नान किया, जबकि कई ने ऋषिकेश और हरिद्वार जाकर गंगा में डुबकी लगाई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, मंदिरों के बाहर और बस्तियों में जरूरतमंदों को गर्म कपड़े भी वितरित किए गए। प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर, आदर्श मंदिर पटेलनगर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहारनपुर चौक, श्री गीता भवन मंदिर मोहब्बेवाला, सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर में पंडितों ने हवन व पूजा पाठ किया।
टपकेश्वर में पूजा-अर्चना कर कोरोना से मुक्ति की कामना
महाकाल के दीवाने सामाजिक संस्था के सदस्यों ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में महादेव का अभिषेक किया। इस दौरान कोरोना से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई। जरूरतमंदों को क्षेत्र में जाकर गर्म कपड़े और कंबल बांटे। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष रोशन राना, अंकुर जैन, दीपक जेठी, राहुल माटा, हेमराज अरोड़ा, अनुष्का, कृतिका आदि मौजूद रहे।
साभार न्यू मीडिया
