Connect with us

उत्तराखण्ड

हरेला पर खनन विभाग का हरित संकल्प, पूरे उत्तराखंड में 51 हजार पौधे लगाए जाएंगे

 

हरेला पर खनन विभाग का हरित संकल्प, पूरे उत्तराखंड में 51 हजार पौधे लगाए जाएंगेहरेला पर खनन विभाग का हरित संकल्प, पूरे उत्तराखंड में 51 हजार पौधे लगाए जाएंगे

देहरादून। हरेला पर्व के अवसर पर भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पूरे उत्तराखंड में 51 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। निदेशालय परिसर स्थित खनिज भवन में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में निदेशक राजपाल लेघा ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पौधारोपण कर प्रदेश को हरित बनाने का संकल्प दोहराया।

निदेशक राजपाल लेघा ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की नींव बनेगा।

उन्होंने प्रदेश के सभी जिला खान अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जनपदों में हरेला पर्व के अवसर पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। विभाग ने इस वर्ष प्रदेशभर में लगभग 51 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान के माध्यम से राज्य के हरित आवरण को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।

निदेशालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, रसायनज्ञ हेतराम, सहायक रसायनज्ञ शीशपाल, भू-रसायनज्ञ मदन किशोर बहुगुणा, जिला खान अधिकारी देहरादून ऐश्वर्य शाह, खान निरीक्षक काज़िम रज़ा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एच.डी. चमोली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूड़ी एवं रविन्द्र बिष्ट, वैयक्तिक सहायक बरखा पुनेठा, राजेन्द्र सिंह सहित विभाग के अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय ने स्पष्ट किया कि विभाग भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत विकास तथा जन-जागरूकता के लिए इसी प्रकार के अभियान लगातार संचालित करता रहेगा। हरेला पर्व पर शुरू हुआ यह हरित अभियान राज्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts