Connect with us
देहरादून से दिल्ली और मुंबई के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा है, लेकिन गो फर्स्ट की सेवा बंद होने के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Uncategorized

देहरादून से मुंबई जाने वालों के लिए गुड न्यूज, शुरू हो रही है फ्लाइट..पढ़िए पूरी डिटेल

देहरादून: प्रदेश के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवाएं संचालित की जा रही हैं। एयरपोर्ट में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अब देहरादून से मुंबई के बीच अतिरिक्त फ्लाइट का संचालन किया जाएगा। विमानन कंपनी विस्तारा आगामी 17 मई से देहरादून-मुंबई के बीच 15 दिनों के लिए अपनी एक अतिरिक्त फ्लाइट शुरू करने जा रही है।

यह फ्लाइट सुबह साढ़े आठ बजे मुंबई से जौलीग्रांट आएगी और आधे घंटे बाद यहां से मुंबई के लिए रवाना होगी। ऐसा नहीं है कि देहरादून-मुंबई के बीच यह पहली हवाई सेवा है। इससे पहले विमानन कंपनी गो फर्स्ट देहरादून-मुंबई के बीच नियमित अपनी फ्लाइट संचालित कर रही थी, जिससे यात्री खुश थे, लेकिन बीते करीब एक हफ्ते से गो फर्स्ट के सामने वित्तीय संकट खड़ा होने से कंपनी की उड़ानें बंद हैं।

देहरादून से दिल्ली और मुंबई के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा है, लेकिन गो फर्स्ट की सेवा बंद होने के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए अब विस्तारा एयरलाइंस इस रूट पर 15 दिनों के लिए अपनी एक अतिरिक्त फ्लाइट शुरू करने जा रही है। विस्तारा 17 मई से अपनी तीसरी अतिरिक्त फ्लाइट देहरादून-मुंबई के बीच शुरू करने जा रही है।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर इंडिगो की 13, विस्तारा की दो और एअर इंडिया की दो फ्लाइट हर दिन लैंड होती हैं। विस्तारा की अतिरिक्त फ्लाइट शुरू होने से कंपनी की यहां से तीन फ्लाइटें शुरू हो जाएंगी। विस्तारा पहले ही देहरादून-दिल्ली और देहरादून-मुंबई के बीच प्रतिदिन अपनी दो फ्लाइटें संचालित कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि अगर यात्रियों का अच्छा रेस्पांस मिला तो देहरादून-मुंबई के बीच नियमित फ्लाइट का संचालन किया जाएगा।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts