Connect with us

Uncategorized

दो साल से घर में ‘दफन’ थी प्रेमिका, प्रेमी पकड़ा तो खोदाई में मिला कंकाल

यूपी के फिरोजाबाद जिले में एक सनसनीखेज घटना का खुलासा हुआ। दो साल पहले बहलाफुसलाकर भगाई गई युवती का राज खुला तो पूरा गांव सन्न रह गया। प्रेमी ने परिवार के साथ युवती की हत्या कर शव को घर में दफन कर दिया था।

इसके बाद परिवार के साथ भाग गया और गुरुग्राम में आराम से रह रहा था। सुराग खोजती पुलिस उस तक पहुंच गई। पुलिस ने प्रेमी के घर से दफनाई गई किशोरी का कंकाल बरामद कर लिया है। आरोपित के साथ घटना में शामिल उसका पिता भी पकड़ा गया है।

घर से गायब होने के बाद स्वजनों ने कराया था मुकदमा दर्ज

फिरोजाबाद जनपद में कीठौत निवासी युवती 21 नवंबर 2020 की रात घर से गायब हो गई। स्वजन ने तलाश कराई तो पता चला कि पड़ोस में रहने वाला गौरव पुत्र मुन्ना लाल उसे बहलाफुसलाकर भगा ले गया। युवती की मां ने गौरव और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया। तब से अब तक पुलिस उसकी तलाश नहीं कर पाई। पुराने अनसुलझे मामलों की जांच शुरू हुई तो पुलिस ने नए सिरे से प्रयास शुरू किए। इसी बीच पता चला कि गौरव परिवार के साथ गुरुग्राम में नौकरी करता है।

पुलिस को गौरव ने दी जानकारी तो चौंक गए सभी

पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़कर पूछताछ की। गौरव ने जो बताया उससे पुलिस के होश उड़ गए। गौरव ने बताया कि उसने खुश्बू की गला घोंटकर हत्या कर दी थी, इसके बाद उसी रात शव को अपने घर के कमरे में दफना दिया। दो दिन बाद वह परिवार के साथ चला गया।

इसके बाद शुक्रवार शाम सीओ अनिवेश कुमार और इंस्पेक्टर उदयवीर मलिक ने फोर्स के साथ पहुंचकर गौरव के बंद पड़े घर के कमरे में खोदाई करवाई गई, जहां से युवती का कंकाल बरामद कर लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्या में गौरव और उसका परिवार शामिल था। गौरव के साथ उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।

डीएनए जांच कराएगी पुलिस

इंस्पेक्टर उदयवीर मलिक ने बताया कि घर से कराई गई खोदाई में युवती का कंकाल बरामद किया गया है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद डीएनए जांच करवाने के लिए कोर्ट से अनुमति ली जाएगी।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts