अंतर्राष्ट्रीय
चोरी का माल ठिकाने लगा दिया आबकारी विभाग ने, विभाग पर गिरी गाज, दरोगा-सिपाही समेत चार गिरफ्तार, हिमाचल पुलिस की कार्रवाई के बाद डीएम के आदेश पर उप आबकारी निरीक्षक और सिपाही निलंबित
रुद्रपुर। हिमाचल प्रदेश में हुई चोरी के मामले की जांच की आंच रुद्रपुर तक पहुंच गई है। चोरी के सामान का एक हिस्सा अपने पास रखने के आरोप में हिमाचल पुलिस ने रुद्रपुर के आबकारी विभाग से जुड़े कर्मचारियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आबकारी विभाग के उप आबकारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार, सिपाही बलजीत सिंह, उपलमकर्मी पप्पू लाल और पीआरडी जवान नईम शामिल हैं। हिमाचल पुलिस सभी को अपने साथ ले गई है। मामले में एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर उप आबकारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार और सिपाही बलजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है।
तीन दिन तक हिमाचल पुलिस के साथ जुटाए साक्ष्य
हिमाचल पुलिस ने रुद्रपुर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से मामले की जांच की। पुलिस टीम ने करीब तीन दिन तक साक्ष्य जुटाए। एसएसपी यूएस नगर अजय गणपति ने बताया कि हिमाचल पुलिस की ओर से यदि मामले में तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका भी सामने आ रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नेपाल निवासी एक युवती हिमाचल प्रदेश में एक बड़े घर में काम करती थी। चोरी की घटना के बाद वह एक टैक्सी से नेपाल के लिए रवाना हो गई। नौ सितंबर को वह टैक्सी से रामपुर होते हुए रुद्रपुर की ओर आ रही थी। सीमा क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने टैक्सी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवती और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के पास से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात बरामद हुए।
आरोप है कि चेकिंग टीम ने बरामद सामान का करीब आधा हिस्सा अपने पास रख लिया और बाकी सामान दोनों को देकर उन्हें आगे जाने दिया। इसके बाद दोनों नेपाल पहुंच गए। नेपाल पहुंचने के बाद युवती ने कथित तौर पर संबंधित कारोबारी को फोन कर चोरी की जानकारी दी। युवती ने बताया कि चेकिंग के दौरान बरामद चोरी के सामान का आधा हिस्सा अपने पास रख लिया गया है।
मामले की जानकारी हिमाचल पुलिस को मिलने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई और रुद्रपुर पहुंचकर संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद आबकारी विभाग से जुड़े कर्मचारियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर हिमाचल पुलिस अपने साथ ले गई। मामले में बरामद नकदी और जेवरात के साथ-साथ चेकिंग के दौरान रखे गए कथित सामान की भी जांच की जा रही है।

