Connect with us

Uncategorized

Uttarakhand Election 2022: ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम की निगरानी करेगी कांग्रेस

देहरादून। Uttarakhand Election 2022 कांग्रेस प्रदेश में ईवीएम से छेड़छाड़ को लेकर आशंकित है। पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को मतगणना होने तक ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम की निरंतर निगरानी करने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा के ट्रेक रिकार्ड को देखकर यह कदम उठाया गया है।

प्रदेश में मतगणना 10 मार्च को होनी है। कांग्रेस 14 फरवरी को मतदान के बाद से ही प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही है। साथ ही ईवीएम की सुरक्षा को लेकर भी पार्टी ने चिंता जताई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि मतदान के बाद बूथ स्तर से प्राप्त फीडबैक से पार्टी में उत्साह है। मतदाताओं ने पार्टी को भरपूर प्यार दिया है। यह साफ दिखाई दे रहा है कि भाजपा को हार का डर सता रहा है। इस कारण भाजपा के विधायक, मंत्री भितरघात की बात कर रहे हैं। यह चुनाव कांग्रेस से बढ़कर जनता ने मजबूती से लड़ा है, ताकि प्रदेश में गड्ढा पैदा करने वाली सरकार दोबारा सत्ता में न आए।

हारने वाले नहीं, जीतने वाले देते हैं दावत

कांग्रेस पर हार के डर से दावत देने को लेकर भाजपा के हमले के जवाब में उन्होंने कहा कि दावत जीतने वाले देते हैं। भाजपा की ये सोच है तो वह कामना करते हैं कि ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी होने से चुनाव में उनकी अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में अपेक्षाकृत कम उपस्थिति रही, लेकिन पूरे पांच साल वह क्षेत्र की जनता के बीच ही रहे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी व उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने सिर्फ दो महीने पहले क्षेत्र की सुध ली।

पर्वतीय क्षेत्रों में परिसीमन को संविधान में हो संशोधन

प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष ने कहा कि परिसीमन की मौजूदा व्यवस्था के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में विधानसभा सीट कम नहीं हों, इसके लिए संविधान में संशोधन होना चाहिए। पर्वतीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए। उन्होंने एम्स ऋषिकेश में नियुक्तियों में गड़बड़ी प्रकरण की जांच की मांग की। गोदियाल ने कहा कि नियुक्तियां रद होनी चाहिए। इनमें राज्य के निवासियों को प्राथमिकता से सेवायोजित किया जाए।

योगी आदित्यनाथ के लिए प्रचार पर ली चुटकी

कांग्रेस के प्रदेश मुखिया ने उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश भाजपा से 70 प्रचारकों के जाने पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जनता का विश्वास नहीं है। उत्तराखंड में दूसरों के नाम पर वोट मांगने वाले उत्तरप्रदेश में वैतरणी पार लगाने जा रहे हैं। इससे भाजपा की असली स्थिति का पता चल रहा है।

यूक्रेन में फंसे व्यक्तियों की वापसी को गोदियाल ने सीएम को लिखा पत्र

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के व्यक्तियों की घर वापसी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। पत्र में उन्होंने कहा कि यूक्रेन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्र एवं रोजगार के लिए गए व्यक्ति फंसे हुए हैं। उनके स्वजन चिंतित हैं और यूक्रेन से उनकी वापसी की मांग कर रहे हैं। यह केंद्र व राज्य की सरकार का नैतिक दायित्व है, लेकिन दोनों सरकारों के स्तर से भारतीय नागरिकों की सकुशल वापसी की व्यवस्था नहीं हो पाई है।साभार न्यू मीडिया।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts