उत्तराखण्ड
एसटीएच हल्द्वानी में लैप्रोस्कोपिक तकनीक से रेक्टम कैंसर का जटिल ऑपरेशन सफल
एसटीएच हल्द्वानी में लैप्रोस्कोपिक तकनीक से रेक्टम कैंसर का जटिल ऑपरेशन सफल
राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में अब कैंसर जैसी जटिल बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों या महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग द्वारा आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक के माध्यम से लगातार जटिल कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही हैं।
इसी क्रम में जनरल सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक शाक्य एवं उनकी टीम ने रेक्टम कैंसर (कार्सिनोमा रेक्टम) से पीड़ित एक युवक का अत्यंत जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर मरीज व उसके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है।
देवलचौड़, रामपुर रोड, हल्द्वानी निवासी 24 वर्षीय युवक मलद्वार से रक्तस्राव की समस्या से परेशान था। उपचार हेतु वह अपने परिजनों के साथ डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय की सर्जरी ओपीडी में पहुंचा। सर्जरी विभाग के चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं जांचें कराई गईं, जिनमें मरीज के मलद्वार में कैंसर की पुष्टि हुई। इसके बाद वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रतीक शाक्य ने मरीज को ऑपरेशन की सलाह दी।
डॉ. प्रतीक शाक्य एवं उनकी टीम ने आधुनिक लैप्रोस्कोपिक एब्डोमिनो-पेरिनियल रिसेक्शन (Abdomino-Perineal Resection) तकनीक का उपयोग करते हुए रेक्टम कैंसर का अत्यंत जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है तथा शीघ्र ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
डॉ. प्रतीक शाक्य ने बताया कि यह ऑपरेशन आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक द्वारा किया गया, जिसमें छोटे-छोटे चीरे लगाए जाते हैं। पारंपरिक ओपन सर्जरी की तुलना में इस तकनीक से मरीज को कम दर्द होता है, शरीर पर न्यूनतम निशान पड़ते हैं, रक्तस्राव कम होता है तथा संक्रमण का खतरा भी काफी घट जाता है। साथ ही मरीज अपेक्षाकृत जल्दी स्वस्थ होता है।
उन्होंने बताया कि डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में रेक्टम कैंसर के अतिरिक्त स्तन कैंसर, कोलन कैंसर, सॉफ्ट टिश्यू सारकोमा, भोजन नली के कैंसर तथा पेट के कैंसर जैसी जटिल बीमारियों की सर्जरी भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वरिष्ठ शल्य चिकित्सकों द्वारा लगातार की जा रही है।
इस जटिल ऑपरेशन में वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रतीक शाक्य के साथ एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. ए.के. सिन्हा, डॉ. गौरव तथा नर्सिंग स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
डॉ. प्रतीक शाक्य की इस उपलब्धि पर जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजीव सिंह, प्रो. डॉ. पंकज वर्मा, डॉ. वरुण सहित अन्य चिकित्सकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
मरीज का अत्यंत जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. जी.एस. तितियाल ने डॉ. प्रतीक शाक्य एवं पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान एवं चिकित्सालय के लिए गर्व और हर्ष का विषय है कि यहाँ आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य पर्वतीय एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. अरुण जोशी ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सालय में आयुष्मान कार्ड धारक भर्ती मरीजों को उपचार, ऑपरेशन एवं दवाइयों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की आयुष्मान योजना का लाभ लेकर मरीज एवं उनके परिजन संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं।
फोटो डॉ प्रतीक शाक्य
