Connect with us

Uncategorized

ऋषिकेश एम्स में करोड़ों की गड़बड़ी, करनाल में मेडिकल संचालक के घर सीबीआई का छापा

 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश उत्तराखंड में करीब ढाई करोड़ के रोड़ स्वीपिंग मशीन एवं केमिस्ट शाप के आवंटन में गड़बड़ी को लेकर दर्ज आपराधिक मामले में सीबीआई के उत्तरी जोन चंडीगढ़ की एक टीम ने शुक्रवार को एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर गांव शेरगढ़ टापू में छापा मारा। करीब तीन घंटे तक सीबीआई टीम ने परिवार के सदस्यों को घर में बंद रखा। इस दौरान न तो किसी को बाहर जाने दिया न बाहर से किसी को घर में आने की इजाजत दी गई।

अपराधिक षडयंत्र कर धोखाधड़ी करने के आरोप में दर्ज इस प्रकरण के तार हरियाणा – यूपी सीमा से सटे गांव शेरगढ़ टापू से भी जुड़े हुए है। गांव शेरगढ़ टापू वासी पंकज शर्मा करीब तीन साल से ऋषिकेश एम्स में  मेडिकल स्टोर चला रहा है। इस घोटाले में पंकज शर्मा के कथित रूप से तार जुड़े होने की आशंका के चलते सीबीआई की टीम ने उसके घर अचानक छापा मारा। छापे के समय पंकज शर्मा की पत्नी कहीं रिश्तेदारी में बाहर गई हुई थी। केवल पंकज शर्मा की मां सुलोचना ही उस समय घर पर मौजूद थी। सीबीआई का नाम सुनते ही सुलोचना घबरा गई। जिस पर उसने पंकज के चचेरे भाई मोहित को मौके पर बुला लिया। सीबीआई टीम ने दोनों को ही घर में बैठा लिया। इसके बाद सूचना मिलने पर पंकज के पिता राजबीर शर्मा मौके पर पहुंच गए। सीबीआई अधिकारियों ने राजबीर शर्मा को भी घर में बैठा लिया।

तलाशी के दौरान मिला ये सामान

इसके बाद सीबीआई की टीम ने घर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सबसे पहले पंकज शर्मा की पत्नी के कमरे का गेट बंद मिलने पर ताला तोड़ा गया। उसके बाद कमरे के अंदर रखी अलमारी व संदूक पर लगे तालों की चाबी न मिलने पर दोनो ताले तोड़ कर तलाशी ली गई। सुबह करीब 8:30 से लेकर 11: 35 तक चली सीबीआई की कार्रवाई में पंकज शर्मा की पत्नी की अलमारी में मात्र 100 रुपए ही मिले  जबकि उसकी मां के पर्स में  6 हजार रुपए मिले जो उसने निजी तौर पर बचा कर जमा किए हुए थे। इसके अलावा अलमारी में रखी कुछ नगदी समेत कुल 13200 रुपए घर से बरामद हुए। इस दौरान सीबीआई अधिकारी परिवार के सभी सदस्यों के आधार, पैन कार्ड, परिवार आईडी एवं पासपोर्ट एवं नगद मिली धनराशि सहित तमाम जानकारी अपने लैपटॉप में दर्ज करते रहे।

तलाशी के दौरान डायरी भी मिली

राजबीर शर्मा के पास मिली एक डायरी में लिखे मिले लेनदेन के रिकार्ड का भी सीबीआई टीम ने बारीकी निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार इस डायरी में उधार लिए गए पैसों का ही ज्यादातर रिकार्ड दर्ज मिला। छापे की कार्रवाई पूरी होने के बाद अधिकारियों ने नगदी व जांच के दौरान मिले जेवर सहित सारे सामान की विवरण सूची बना कर एक प्रति राजबीर शर्मा के सुपर्द करते हुए एक प्रति अपने साथ ले गए। छापे के संबंध में पंकज के पिता राजबीर ने बताया कि वह गरीब आदमी है। घीड अनाज मंडी में एक आढ़ती के पास मात्र 14  हजार रुपए मासिक वेतन पर मुनीम की नौकरी करता हैं। उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नही है। सीबीआई आधिकारियों की टीम आने के बाद ही उन्होंने अपने बेटे से फोन कर इस बारे में बातचीत की है। 

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts