Connect with us

Uncategorized

केंद्रीय मंत्रिमंडल को यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के प्रयासों बारे में दी गई जानकारी, शाम को CCS की बैठक में मंथन

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग पर भारत सरकार भी बारीक नजर बनाए हुए है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल को यूक्रेन में मौजूदा हालात और वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। यूक्रेन संकट को लेकर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की भी आज बैठक होने वाली है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों को यूक्रेन में मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। सरकार रोमानिया और हंगरी समेत अपने पड़ोसी देशों से विशेष उड़ानें संचालित कर यूक्रेन से भारतीयों को वापस ला रही है। उड़ानों के लिए यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद भारत के लिए उड़ान भरने से पहले भारतीय नागरिकों को यूक्रेन के सीमावर्ती इलाकों और देशों में भेजा जा रहा है।

यूक्रेन से भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान रोमानिया से मुंबई के लिए उड़ान भर चुका है। आने वाले दिनों में कई और निकासी उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। इस बीच यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने शनिवार को वहां फंसे अपने नागरिकों से बेहद सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को यूक्रेन से बाहर निकलने के लिए अधिकारियों से समन्वय के बिना किसी सीमा ओर नहीं बढ़ने की हिदायत दी है।

वहीं शिक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों से विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के निर्देशों का पालन करने को कहा है। शिक्षा मंत्रालय ने यह भी भरोसा दिया है कि भारत सरकार उन्हें यूक्रेन से वापस लाने के लिए हरसंभव कोशिशें कर रही है। मालूम हो कि यूक्रेन में करीब 16 हजार भारतीय फंसे हैं। इनमें छात्रों की संख्‍या ज्‍यादा है। भारतीय छात्र खारकीव और कीव में मेडिकल की पढ़ाई करते हैं।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts